Palamu : पलामू कचहरी परिसर में आज छात्रहित सर्वोपरि मंच, झारखंड के छात्रों ने एकजुट होकर छात्रहित से जुड़े मुद्दों को लेकर आवाज़ बुलंद की। छात्रों ने मुख्य रूप से दो मुद्दों पर ध्यान आकर्षित किया। पहला यह कि पलामू जिले में फोर्थ ग्रेड की बहाली पूरी तरह परीक्षा आधारित हो, ताकि योग्य अभ्यर्थियों को न्याय मिल सके और किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकी जा सके। दूसरा मुद्दा यह था कि लगभग दो वर्षों से छात्रों की छात्रवृत्ति लंबित है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
छात्रहित सर्वोपरि मंच ने सरकार और संबंधित विभाग से अनुरोध किया कि लंबित छात्रवृत्ति का भुगतान तुरंत सुनिश्चित किया जाए। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
इस कार्यक्रम का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष राहुल कुमार राणा, उपाध्यक्ष आमिर हमज़ा, संगठन प्रभारी कुणाल पोद्दार और सचिव रईस अंसारी ने किया। पलामू जिले में जिला अध्यक्ष दीपू कुमार और जिला सचिव सचिन सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे और मंच के प्रस्तावित मुद्दों को मजबूती से उठाया। छात्रहित सर्वोपरि मंच ने संकल्प किया कि वे हर छात्र की आवाज़ बनकर न्याय, अधिकार और बेहतर भविष्य के लिए निरंतर संघर्ष करते रहेंगे।


