Giridih (Naresh Goswami) : गिरिडीह जिले के जमुआ और मरकच्चो थाना क्षेत्र में अवैध पत्थर उत्खनन का मामला सामने आया है। मेसर्स जय मां गौरी स्टोन वर्क्स के नाम से चल रही इस खदान की लीज खत्म हो चुकी है, फिर भी उत्खनन जारी है। स्थानीय ग्रामीणों ने खनन विभाग पर मिलीभगत का आरोप लगाया है।
किसके नाम पर थी लीज
मेसर्स जय मां गौरी स्टोन वर्क्स के नाम से चल रही यह खदान तीन पार्ट में लीज पर दी गई थी।
- पार्ट 1: विष्णुदेव सिंह, पिता स्व. जगदीश सिंह, ग्राम चकमांजो, पोस्ट खरगडीहा, थाना जमुआ, जिला गिरिडीह
- पार्ट 2: ब्रिजनानंदन तिवारी, पिता भागवत तिवारी, ग्राम गांडों, थाना जमुआ, जिला गिरिडीह
- पार्ट 3: संजय कुमार साव, पिता श्यामलाल साव, ग्राम पूरणडीहा, थाना मरकच्चो, जिला कोडरमा
इन सभी के नाम पर पत्थर खदान की लीज 17 अक्टूबर 2015 को मंजूर की गई थी। लीज की अवधि 10 वर्ष तय थी, जो अब पूरी हो चुकी है।
लीज खत्म, फिर भी जारी उत्खनन
स्थानीय लोगों का आरोप है कि समय सीमा खत्म होने के बाद भी इन तीनों लीजधारकों ने खदान का संचालन नहीं रोका। रात के समय ट्रैक्टर और हाइव मशीनें चलती दिखाई देती हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, खनन विभाग व जिला खनन पदाधिकारी इस पर जानबूझकर कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
लोगों में नाराजगी, पर्यावरण को नुकसान
ग्रामीणों का कहना है कि अवैध उत्खनन से आसपास की जमीन दरकने लगी है और लगातार उठने वाली धूल से लोगों का जीना मुश्किल हो रहा है। कई बार शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

जांच की मांग
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से इस पूरे मामले की जांच कराने, अवैध खनन रोकने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि लीज खत्म होने के बाद उत्खनन पूरी तरह गैरकानूनी है और प्रशासन तुरंत हस्तक्षेप करे।
Also Read : भाजपा विधायक दल की बैठक 7 दिसंबर को, शीतकालीन सत्र में सरकार को घेरने की रणनीति पर होगी चर्चा


