Jamshedpur : उलीडीह थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह चार दिनों से लापता युवक प्रदीप साहू का शव स्वर्णरेखा नदी किनारे तैरता हुआ मिला। शव मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार समेत स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। प्रदीप की मौत से आक्रोशित लोगों ने उलीडीह थाना पहुंचकर घेराव किया और मुख्य सड़क को जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि इलाके में खुलेआम नशे का कारोबार चल रहा है और प्रदीप की हत्या भी इसी अवैध गतिविधि का परिणाम है।
स्थानीय महिलाओं का कहना है कि बस्ती और नदी किनारे नशेड़ियों का अड्डा बन चुका है। पुलिस कभी-कभार ही गश्त करती है, जिससे अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है। गौरतलब है कि प्रदीप के परिजनों के बयान पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बस्तीवासियों ने इन आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।
प्रदर्शन के दौरान थाने के पास लंबा जाम लग गया। बाद में पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने का आश्वासन देने के बाद जाम हटवाया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
Also Read : गिरिडीह में खत्म हो चुकी लीज के बाद भी धड़ल्ले से चल रहा पत्थर उत्खनन, प्रशासन मौन


