Jamshedpur : मानगो थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही के कारण एक गंभीर हादसा हो गया। आजादनगर इलाके में केबल बिछाने का काम चल रहा था, जिसकी जिम्मेदारी बिजली विभाग ने वोल्टास कंपनी को दी है।
मिली जानकारी के अनुसार मानगो गांधी मैदान के सामने स्थित 11 केवी ट्रांसफार्मर पर काम हो रहा था। इस ट्रांसफार्मर में 11 केवी की लाइन आजादनगर और कुंवर बस्ती दोनों जगहों से जुड़ी हुई है। काम शुरू करने से पहले बिजली विभाग ने केवल आजादनगर की लाइन को बंद किया, जबकि कुंवर बस्ती की लाइन चालू छोड़ दी गई, जो बड़ी लापरवाही साबित हुई।
काम के दौरान बिहार के समस्तीपुर निवासी मिस्त्री राजू सैनी लाइव करंट की चपेट में आ गए। जोरदार धमाके के साथ राजू बुरी तरह झुलस गए। सहकर्मियों ने उन्हें तुरंत मानगो के गुरु नानक अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद स्थानीय लोगों और मजदूरों में आक्रोश है। उनका कहना है कि विभाग की एक छोटी सी चूक ने मजदूर की जान जोखिम में डाल दी। राजू सैनी के परिवार की हालत भी चिंताजनक है – उनके चार छोटे बच्चे हैं, और ऐसी स्थिति में उनके परिवार के सामने संकट खड़ा हो गया है।
लोगों की मांग है कि वोल्टास कंपनी और बिजली विभाग जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करें और घायल मिस्त्री को उचित मुआवज़ा दें, ताकि उसका परिवार आर्थिक संकट में न फंसे।
Also Read : चालकों ने जाम किया पाकुड़-हिरणपुर रोड, प्रवेश शुल्क बढ़ाए जाने का विरोध


