Patna : बिहार में STET अभ्यर्थियों ने गुरुवार को पटना स्थित बिहार बोर्ड ऑफिस का घेराव किया। करीब 20–25 अभ्यर्थी बोर्ड ऑफिस गेट के बाहर लगातार नारेबाजी कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि रिवाइज्ड आंसर की तुरंत जारी की जाए और संबंधित नोटिफिकेशन की स्पष्ट घोषणा की जाए।
गेट के बाहर मौजूद अभ्यर्थी “हमारी मांगें पूरी करो”, “छात्रों को गुमराह करना बंद करो” और “STET होश में आओ” जैसे नारे लगा रहे हैं। मौके पर मौजूद कॉमर्स की छात्रा ज्योति ने बताया कि बोर्ड की ओर से कोई स्पष्ट नोटिफिकेशन जारी नहीं किया जा रहा है। केवल तारीख बढ़ाई जा रही है, जबकि कहा गया था कि 2 दिन में आंसर की आएगी, लेकिन अब तक जारी नहीं हुई।
अभ्यर्थियों का कहना है कि परीक्षा में 21 सवाल सिलेबस के बाहर पूछे गए थे, इसलिए उन्हें ग्रेस मार्क्स मिलना चाहिए। छात्राओं ने बताया कि बार-बार आने के बाद भी बोर्ड उनकी बात सुनने को तैयार नहीं है। उन्होंने बताया कि 27, 28 और 29 नवंबर को भी घेराव किया गया था, लेकिन बोर्ड ने कोई कार्रवाई नहीं की।
आंसर की में त्रुटियों का आरोप
अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि बिहार बोर्ड द्वारा जारी आंसर की में कई गलतियां हैं, जिसके कारण उनके अंक प्रभावित हो रहे हैं। उनका कहना है कि कई सवालों के उत्तर गलत दिए गए हैं। आंसर की पर आपत्ति दर्ज करने के बाद भी अब तक संशोधित आंसर की जारी नहीं की गई है। इससे सत्यापन प्रक्रिया और आगे की नियुक्ति प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
बड़े आंदोलन की तैयारी
प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने बताया कि आज का विरोध पहले की तुलना में अधिक बड़ा होगा। विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पटना पहुंच रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक रिवाइज्ड आंसर की जारी नहीं की जाती और नोटिफिकेशन की स्पष्ट टाइमलाइन नहीं दी जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
Also Read : रांची रेल मंडल की कई ट्रेनों का रूट बदला… शेड्यूल जारी


