बिहार : होली के दिन नाबालिग से हुए दुष्कर्म मामले में थानाध्यक्ष और चौकीदार निलंबित

बेगूसराय। जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में होली के दिन आठ मार्च को दो नाबालिग लड़कियों के साथ हुए छेड़खानी एवं दुष्कर्म के मामले में कर्तव्य हीनता को लेकर थानाध्यक्ष एवं चौकीदार को निलंबित कर दिया गया है। यह जानकारी एसपी योगेन्द्र कुमार ने शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में दी।

एसपी ने बताया कि 24 मार्च को उन्होंने कांड के पर्यवेक्षण के दौरान पीड़िता के परिजनों एवं घटनास्थल के आसपास के ग्रामीणों से जानकारी ली। जिसमें सभी लोगों के द्वारा बताया गया कि इस कांड के अभियुक्त के द्वारा घटनास्थल के समीप अपनी दुकान में लंबे समय से गांजा बेचा जाता था। दुकान पर असमाजिक तत्वों को बैठाते थे, जिससे गांव का माहौल खराब होता जा रहा था। इसी कारण अपराधियों द्वारा इस प्रकार की घटना की गई है।

पीड़िता के परिजनों एवं घटनास्थल के आसपास के ग्रामीणों के द्वारा घटना के संबंध में बताए गए तथ्यों की जांच करवाई गई। जिसमें पाया गया कि घटनास्थल के क्षेत्र महाल चौकीदार मनोज तांती के द्वारा क्षेत्र की स्पष्ट जानकारी थानाध्यक्ष को नहीं दी गई। साहेबपुर कमाल थानाध्यक्ष दिनेश कुमार के द्वारा अपने थानाक्षेत्र में चौकीदारी परेड तथा प्रभावी गश्ती नहीं की जा रही थी। थानाध्यक्ष का अपने अधीनस्थ के उपर नियंत्रण में कमी थी।

एसपी ने बताया कि इस लापरवाही के लिए साहेबपुर कमाल थानाध्यक्ष दिनेश कुमार एवं चौकीदार मनोज तांती को निलंबित कर दिया गया है। दोनों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई करने का भी आदेश दिया गया है। सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने थाना क्षेत्र में नियमित रूप से गश्ती कर सूचना-आसूचना संकलन करने, चौकीदारी परेड, गांव वार असमाजिक तत्वों की सूची बनाकर उसका वेरिफिकेशन तथा लगातार कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।