श्रीलंका की नौसेना ने आठ भारतीय मछुआरों को मछली पकड़ने के दौरान किया गिरफ्तार

रामेश्वरम : श्रीलंका की नौसेना ने कत्चाथीवु के अपतटीय क्षेत्र में मछली पकड़ने के दौरान रविवार तड़के आठ भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया. मस्त्य पालन विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. उन्होंने पत्रकारों को बताया कि कई मछुआरे 26 फरवरी को रामेश्वरम से मशीनीकृत नौकाओं में मछली पकड़ने के लिए निकले थे. भारतीय मछुआरे जब पाक समुद्र-संधि में मछली पकड़ रहे थे, तभी वहां श्रीलंकाई नौसैनिक पहुंच गए और आठ मछुआरों को पकड़ लिया. मछुआरों के संघों के मुताबिक, नौसेना के कर्मियों ने मछली पकड़ने के जाल भी काट दिये.

दूसरी तरफ, फिर से मछुआरों को गिरफ्तार करने के बाद, यहां मछुआरों में तनाव और चिंता है. उन्होंने सरकार से इस मुद्दे का स्थाई समाधान खोजने की दिशा में कदम उठाने की मांग की है. बता दें कि मछुआरों का मुद्दा दोनों देशों के बीच एक विवादस्पद मुद्दा बना हुआ है. भारत में अपने तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर आए श्रीलंका के विदेश मंत्री जीएल पेइरिस और उनके भारतीय समकक्ष एस. जयशंकर के साथ वार्ता के दौरान मछुआरों का मुद्दा उठा था. +

मछुआरों के मुद्दे पर विचारों का आदान-प्रदान किया गया और सहमति बनी कि द्विपक्षीय तंत्र को शीघ्र बैठक करनी चाहिए. अर्थव्यवस्था को संकट से उबारने के लिए कहीं अधिक व्यापक पर्यटन के महत्व को स्वीकार किया गया. साथ ही व्यापक संपर्क के जरिए दोनों देशों के लोगों के बीच संबंध के महत्व का भी जिक्र किया गया. गौरतलब है कि श्रीलंका ने 25 जनवरी को 56 भारतीय मछुआरों को रिहा कर दिया था.