Johar Live Desk : अगले साल 7 फरवरी से 8 मार्च तक भारत और श्रीलंका में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए दक्षिण अफ्रीका ने अपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। टीम की कप्तानी एडेन मार्करम को सौंपी गई है। खास बात यह है कि क्विंटन डी कॉक की टीम में वापसी हुई है, जिन्होंने हाल ही में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था।
इस बार टीम चयन में कई बड़े बदलाव किए गए हैं। पिछली सीरीज में भारत के खिलाफ खेलने वाले युवा बल्लेबाज ट्रिस्टन स्टब्स और रियान रिकेल्टन को टीम से बाहर कर दिया गया है। इसके अलावा रीजा हेंड्रिक्स, ओटनील बार्टमैन और लुथो सिपामला को भी स्क्वाड में जगह नहीं मिली है। तेज गेंदबाजी विभाग में कगिसो रबाडा और एनरिक नॉर्टजे की वापसी हुई है। दोनों खिलाड़ी चोट के कारण कुछ समय से टीम से बाहर थे। इनके साथ लुंगी एनगिडी, मार्को जानसेन और कॉर्बिन बॉश भी तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभालेंगे।
दक्षिण अफ्रीका के चयनकर्ता ने कहा कि टीम में अनुभव और युवा खिलाड़ियों का संतुलन रखा गया है। उनका मानना है कि यह टीम भारत और श्रीलंका की परिस्थितियों में अच्छा प्रदर्शन करने में सक्षम है। टीम में सात ऐसे खिलाड़ी शामिल किए गए हैं, जो पहली बार टी20 वर्ल्ड कप खेलेंगे। इनमें कॉर्बिन बॉश, डेवाल्ड ब्रेविस, टोनी डी जोरजी, डोनोवन फरेरा, जॉर्ज लिंडे, क्वेना मफाका और जेसन स्मिथ शामिल हैं। वहीं 2024 टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल खेलने वाली टीम से सात खिलाड़ियों को बाहर कर दिया गया है। इनमें हेनरिक क्लासेन, तबरेज शम्सी, रियान रिकेल्टन, ट्रिस्टन स्टब्स, ओटनील बार्टमैन, रीजा हेंड्रिक्स और जेराल्ड कोएट्जी शामिल हैं।
एडेन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक, टोनी डी जोरजी, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, डोनोवन फरेरा, मार्को जानसेन, केशव महाराज, कगिसो रबाडा, क्वेना मफाका, लुंगी एनगिडी, जेसन स्मिथ, जॉर्ज लिंडे, कॉर्बिन बॉश और एनरिक नॉर्टजे। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में दक्षिण अफ्रीका को ग्रुप डी में रखा गया है, जिसमें अफगानिस्तान, न्यूजीलैंड, कनाडा और यूएई की टीमें शामिल हैं। दक्षिण अफ्रीकी टीम 9 फरवरी को अहमदाबाद में कनाडा के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।
Also Read : IND vs NZ: वनडे सीरीज के लिए टीम का ऐलान आज, पंत और शमी की वापसी की संभावना


