Ranchi : राजधानी रांची की पंडरा पुलिस ने शहर में चरस खपाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक का नाम लाल वेदान्त नाथ शाहदेव (25) बताया गया। वह सुखदेवनगर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उसके पास से पुलिस ने 10.92 ग्राम चरस और इनहेलर जब्त किया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी स्पीड पोस्ट के जरिए गलत नाम-पते से चरस मंगवाकर शहर में ऊंचे दाम पर बेचता था।
कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय के अनुसार, बीते 17 मार्च की शाम करीब 6:20 बजे रांची एसएसपी राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि जतरा मैदान इलाके में मादक पदार्थ की डिलीवरी होने वाली है। सूचना के आधार पर सिटी एसपी पारस राणा के निर्देश पर कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने जतरा मैदान पहुंचकर आसपास छिपकर निगरानी शुरू की। रात करीब 8:25 बजे एक युवक वहां पहुंचा। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा, लेकिन जवानों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया।
जेब से मिला चरस का पैकेट
गिरफ्तार युवक ने अपनी पहचान लाल वेदान्त नाथ शाहदेव के तौर पर बताई। तलाशी के दौरान उसके पैंट की जेब से एक आसमानी रंग का लिफाफा मिला। लिफाफा खोलने पर उसमें कागज में लिपटा 10.92 ग्राम चरस बरामद हुआ। साथ ही “Cali Honey” लिखा एक इनहेलर भी मिला।
कागजात नहीं दिखा सका
पुलिस ने जब आरोपी से बरामद चरस के संबंध में वैध कागजात मांगे, तो वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। पूछताछ में उसने बताया कि वह स्पीड पोस्ट के जरिये फर्जी नाम-पते का इस्तेमाल कर चरस मंगवाता था और बाद में राँची के अलग-अलग इलाकों में ऊंची कीमत पर बेचता था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हो चुका है।
2 लाख की चरस, 2 मोबाइल जब्त
पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 2 लाख रुपए कीमत की 10.92 ग्राम चरस, एक इनहेलर और दो मोबाइल फोन (एक एंड्रॉयड ओपो और एक आईफोन 15 प्रो मैक्स) बरामद किए हैं। इस मामले में सुखदेवनगर थाना (पंडरा ओपी) में कांड दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) और 22 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इनकी रही अहम भूमिका
छापेमारी टीम में कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय, पंडरा ओपी प्रभारी फैज रब्बानी, सहावीर उरांव, बंजरग टोप्पो, चंदन कुमार पांडेय सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
Also Read : कोडरमा में विवाहिता की संदिग्ध मौ’त, मायके पक्ष ने लगाया ह’त्या का आरोप


