Kolkata : पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद जारी राजनीतिक हिंसा अब बेहद गंभीर और खौफनाक मोड़ लेती नजर आ रही है। राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की बुधवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात बुधवार रात करीब 11:15 बजे उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम इलाके में हुई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में भी हड़कंप मच गया है।
कार रोककर किया हमला
मिली जानकारी के अनुसार, चंद्रनाथ रथ कोलकाता से मध्यमग्राम स्थित अपने घर लौट रहे थे। वह जिस कार में यात्रा कर रहे थे, उसी दौरान रास्ते में कुछ हमलावरों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया। इसके बाद हमलावरों ने बेहद नजदीक से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। हमले में कार के आगे के हिस्से में गोलियां लगीं, जिससे शीशा टूट गया और गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई।
सीने में लगीं तीन गोलियां, मौके पर ही मौत
भाजपा का दावा है कि चंद्रनाथ रथ को सीने में तीन गोलियां लगीं। ज्यादा खून बहने के कारण उनकी मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस और केंद्रीय बल मौके पर पहुंचे और गोलियों से छलनी कार को घेर लिया। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है।
कार चालक घायल, अस्पताल में भर्ती
इस हमले में कार चला रहा व्यक्ति भी गोली लगने से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घायल व्यक्ति का इलाज मध्यमग्राम क्रॉसिंग के पास स्थित विबासिटी नर्सिंग होम में चल रहा है।
इलाके में तनाव, सुरक्षा बढ़ाई गई
चंद्रनाथ रथ की हत्या की खबर फैलते ही इलाके में तनाव बढ़ गया। पुलिस ने मौके पर जांच शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है और संदिग्धों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
राजनीतिक हलकों में उबाल
भाजपा नेताओं ने इस घटना को राजनीतिक साजिश बताते हुए राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी का कहना है कि चुनाव परिणाम के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। वहीं, प्रशासन की ओर से कहा गया है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस जांच जारी
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।


