Gaya : बिहार के गया जिले के गुरपा गांव में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां रेप पीड़िता की मां का इलाज करने पहुंचे एक ग्रामीण चिकित्सक को बदमाशों ने पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा। इस घटना के बाद आज यानी बुधवार को बिहार के प्रतिपक्ष नेता तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर तीखा हमला बोलते हुए बिहार की स्थिति को तालिबान से भी बदतर बताया। उन्होंने ट्वीट किया, “गया में रेप पीड़िता की मां का इलाज करने गए डॉक्टर को बदमाशों ने पेड़ से बांधकर पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया। 20 सालों की भ्रष्ट एनडीए सरकार में पुलिस और प्रशासन अपराध रोकने, अपराधियों को पकड़ने और न्याय दिलाने में पूरी तरह नाकाम है।”
बिहार में तालिबान से भी बदतर स्थिति है। गया जिला में बलात्कार पीड़िता की मां का इलाज करने गए डॉक्टर को आरोपियों ने पेड़ से बांधकर पीट-पीट कर खून से लथपथ कर दिया।
20 वर्षों की भ्रष्ट NDA सरकार में पुलिस और प्रशासन अपराध रोकने, अपराधियों को पकड़ने, सजा एवं न्याय दिलाने में बिल्कुल… pic.twitter.com/5brL4tbn21
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) June 4, 2025
क्या है पूरा मामला?
घटना फतेहपुर थाना क्षेत्र के गुरपा गांव की है, जहां मंगलवार को रेप पीड़िता की मां का इलाज करने के लिए डॉक्टर जितेंद्र यादव उनके घर पहुंचे थे। इसी दौरान 10-12 बदमाशों ने डॉक्टर को पेड़ से बांधकर उनकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गांववाले डर के मारे मूकदर्शक बने रहे, जबकि कुछ लोगों ने चुपके से इस घटना का वीडियो बना लिया।
पुलिस ने डॉक्टर को बचाया
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पेड़ से बंधे घायल डॉक्टर को छुड़ाया। डॉक्टर जितेंद्र यादव को तुरंत फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए गया के अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।
2021 में हुई थी रेप की घटना
पीड़िता के परिजनों ने बताया कि वर्ष 2021 में गांव के ही तीन लोगों ने रेप की घटना को अंजाम दिया था, जिसका मामला कोर्ट में चल रहा है। हाल ही में 30 मई को इस मामले में गवाही हुई थी, जिसके बाद एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य फरार हैं। परिजनों का आरोप है कि बदमाश उन्हें केस वापस लेने के लिए दबाव बना रहे हैं। इसी कारण रेप पीड़िता की मां का इलाज करने आए डॉक्टर पर हमला किया गया।
जांच में जुटी पुलिस
गुरपा थानेदार विनय कुमार ने मीडिया को बताया कि घटना की जानकारी मिली है, लेकिन अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है।
Also Read : रांची की मशहूर स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर शोभा चक्रवर्ती का निधन