पश्चिम बंगाल बार काउंसिल के नवनिर्वाचित सदस्य और कलकत्ता हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता शामिम अहमद पर पश्चिम मेदिनीपुर के शालबनी थाना क्षेत्र के पास कथित जानलेवा हमले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चिंता जताई है. ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि हमले के बाद शामिम अहमद पर अपनी शिकायत बदलने का दबाव बनाया गया. उन्होंने कहा कि कलकत्ता हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के हस्तक्षेप के बाद शामिम अहमद सुरक्षित अपने घर लौट सके.
उन्होंने कहा कि बंगाल में वकील भी सुरक्षित नहीं है, बैंकशाल कोर्ट और बारुईपुर कोर्ट में वकीलों पर हाल में हुए हमले भी समान रूप से अस्वीकार्य हैं. पश्चिम बंगाल में डराने-धमकाने और जंगल राज की संस्कृति को हावी होने की अनुमति नहीं दी जा सकती. राजनीतिक हिंसा से ऊपर कानून का शासन कायम रहना चाहिए.
ममता बनर्जी ने कहा कि राजनीतिक संबद्धता या विचारधारा चाहे जो भी हो, हर अधिवक्ता को बिना किसी डर के अपने पेशेवर कर्तव्यों का निर्वहन करने में सक्षम होना चाहिए. उन्होंने भाजपा के कथित गुंडों द्वारा बार-बार की जा रही ऐसी घटनाओं की कड़ी निंदा की और प्रशासन से अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त और निष्पक्ष कार्रवाई करने की मांग की.
कौन हैं शामिम अहमद
शामिम अहमद कलकत्ता हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता हैं. साल 2026 में हुए पश्चिम बंगाल बार काउंसिल चुनाव में वे निर्वाचित हुए. 23 सीटों के लिए हुए चुनाव में तृणमूल कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने 15, भाजपा ने 3, वामपंथी उम्मीदवारों ने 3 और कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने 2 सीटें जीती थीं. वामपंथी खेमे से निर्वाचित सदस्यों में शामिम अहमद भी शामिल हैं.
शामिम अहमद कलकत्ता हाईकोर्ट में कई मामलों में अधिवक्ता के रूप में पेश हुए हैं. उपलब्ध रिकॉर्ड में उनके नाम से 100 से अधिक मामलों में पेशी दर्ज है.
वे हाल के दिनों में पश्चिम बंगाल में चुनावी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर के मुद्दे पर कानूनी सहायता कार्यक्रमों में भी शामिल रहे हैं. सितंबर में उत्तर दिनाजपुर के करनदिघी में आयोजित एक कानूनी सहायता शिविर में उन्होंने मतदाता अधिकार और चुनाव आयोग की भूमिका पर लोगों को संबोधित किया था.
ग्रामीणों से मिलकर लौट रहे थे वकील, भाजपा ने भूमिका से किया इंकार
रिपोर्टों के अनुसार, बीते 3 अक्टूबर को पश्चिम मेदिनीपुर के गड़बेता इलाके में हाल की राजनीतिक हिंसा में प्रभावित और कथित तौर पर घर छोड़ने वाले परिवारों से मिलने वकीलों का एक दल पहुंचा था. इसमें शामिम अहमद भी शामिल थे. ग्रामीणों से मुलाकात के बाद लौटते समय वकीलों के वाहनों को रास्ते में रोककर हमला करने और तोड़फोड़ करने का आरोप है.
रिपोर्टों के मुताबिक, चार वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया और कई वकील घायल हुए. इसके बाद पुलिस सुरक्षा में उन्हें इलाके से बाहर निकाला जा रहा था, तभी शालबनी में फिर से हमला होने का आरोप सामने आया.
घटना को लेकर वामपंथी संगठनों और कुछ रिपोर्टों में भाजपा से जुड़े लोगों पर हमले का आरोप लगाया गया है. हालांकि, भाजपा की ओर से इस घटना में पार्टी की भूमिका से इनकार किया गया है. ऐसे में हमले के पीछे कौन लोग थे, यह जांच का विषय है.
Also Read : ‘चुनाव आयोग हटाओ, देश बचाओ’, ज्ञानेश कुमार के खिलाफ उद्धव-राज ठाकरे का मार्च
No comments yet. Be the first to comment!