Jamshedpur : जमशेदपुर जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र के डिमना लेक से सटे बोंटा पंचायत के गेरूआ गांव स्थित एक रिसॉर्ट में रविवार सुबह उस वक्त हंगामा मच गया, जब ग्रामीणों ने कथित अनैतिक गतिविधियों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। नाराज ग्रामीण रिसॉर्ट परिसर में घुस गए, कई कमरों की तलाशी ली और आपत्तिजनक हालत में मिले तीन जोड़ों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान एक अन्य जोड़ा मौके से फरार होने में सफल रहा। ग्रामीणों का आरोप है कि डिमना लेक के पास स्थित इस लेक व्यू रिसॉर्ट में पिछले करीब छह महीनों से कथित तौर पर अनैतिक गतिविधियां चल रही थीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाहरी इलाकों से युवक-युवतियां यहां आते थे और रिसॉर्ट की आड़ में गलत काम किए जाते थे। ग्रामीणों के मुताबिक, इस संबंध में पहले भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही थी।
रविवार सुबह आक्रोशित ग्रामीण सामूहिक रूप से रिसॉर्ट पहुंचे और कमरों की जांच शुरू कर दी। तलाशी के दौरान तीन अलग-अलग कमरों से तीन जोड़ों को पकड़ा गया, जबकि परिसर के दूसरे हिस्से में मौजूद एक जोड़ा पीछे के रास्ते से भाग निकला। इस दौरान ग्रामीणों ने रिसॉर्ट के मैनेजर संतोष गिरी को भी पकड़ लिया और उसके खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। हंगामे के बीच कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट भी की। सूचना मिलने पर बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने मैनेजर को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाया। पुलिस जब पकड़े गए लोगों को हिरासत में लेकर थाना ले जाने लगी, तब ग्रामीण रिसॉर्ट मालिक को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। उनका कहना था कि मालिक के आने तक किसी को जाने नहीं दिया जाएगा। साथ ही ग्रामीणों ने रिसॉर्ट को स्थायी रूप से बंद करने की मांग भी उठाई।
पूछताछ में मैनेजर संतोष गिरी ने बताया कि रिसॉर्ट धनबाद निवासी विनोद सिंह का है। उसने यह भी जानकारी दी कि एक ही परिसर में एक ओर पतंजलि चिकित्सा केंद्र संचालित है, जबकि दूसरी ओर रिसॉर्ट चलाया जा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि यहां लंबे समय से शहर के अलग-अलग इलाकों से लोग पहुंचते थे और कथित अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। पुलिस की तलाशी के दौरान कुछ आपत्तिजनक सामान मिलने की भी चर्चा है, हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में ग्रामीण रिसॉर्ट के बाहर डटे रहे।
Also Read : भू-धंसान पीड़ितों की आवाज बनीं विधायक रागिनी सिंह, केंद्रीय कोयला मंत्री से किया आग्रह


