Jamtara : जामताड़ा जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र अंतर्गत हलुद कणाली गांव से दो सगी नाबालिग बहनों के रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। 16 और 13 वर्षीय ये दोनों बहनें 19 अप्रैल की शाम करीब 4 बजे घर से निकली थीं, जिसके बाद से वे वापस नहीं लौटीं। परिजनों द्वारा गांव और रिश्तेदारों के यहां काफी खोजबीन करने के बावजूद जब कोई सुराग नहीं मिला, तो अंततः उनके भाई ने मिहिजाम थाने में पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड दर्ज किया है। पुलिस ने इस मामले को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 96 के तहत दर्ज किया है, जो नाबालिग के अपहरण से संबंधित है। फिलहाल, मिहिजाम पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास के रास्तों और संदिग्ध ठिकानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
इसके साथ ही, लड़कियों की बरामदगी के लिए तकनीकी साक्ष्यों, जैसे कि मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल्स का भी सहारा लिया जा रहा है। घर के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे प्रशासन से अपनी बेटियों को सकुशल घर वापस लाने की भावुक अपील कर रहे हैं। पुलिस ने भी आश्वासन दिया है कि वे जल्द ही मामले का खुलासा कर लेंगे।
Also Read : दिल्ली में दहला देने वाली वारदात: पॉश इलाके में IRS अधिकारी की बेटी की रेप के बाद निर्मम हत्या


