Ranchi : झारखंड में चुनावी प्रक्रिया के अगले अहम चरण से पहले प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मतगणना को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जा रही है। इसी कड़ी में शनिवार को सीआईडी एडीजी सह रांची जोनल आईजी मनोज कौशिक ने कांके के सुकुरहुटू स्थित नवनिर्मित ट्रांसपोर्ट नगर में बनाए गए वज्रगृह का निरीक्षण किया। उनके साथ रांची एसएसपी राकेश रंजन, रूरल एसपी प्रवीण पुष्कर और सिटी एएसपी पारस राणा भीी मौजूद थे।
वज्रगृह की सुरक्षा का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान एडीजी ने मतगणना दिवस को लेकर की जा रही तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। वज्रगृह के त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे को परखा गया और तैनात सुरक्षाबलों से सीधे बात कर उन्हें सतर्क रहने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश द्वार पर जांच व्यवस्था और बैरिकेडिंग की स्थिति देखी। एडीजी ने साफ कहा कि मतगणना प्रक्रिया को पूरी तरह स्वच्छ, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

सुरक्षा बलों को सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा में लगे जवानों को शिफ्ट के अनुसार समय पर ड्यूटी करने और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी गई। वज्रगृह के अंदर और बाहर तैनात जवानों को हर गतिविधि पर नजर रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने यह भी कहा कि मतगणना के दिन किसी भी तरह की अफवाह या भीड़ को सख्ती से नियंत्रित किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बल की तैनाती भी की जाएगी।
शहर में भी रहेगी कड़ी निगरानी
मतगणना केंद्र के आसपास और शहर के संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। ट्रांसपोर्ट नगर और उससे जुड़ने वाले मुख्य मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को विशेष योजना बनाने को कहा गया है, ताकि आम लोगों और चुनाव ड्यूटी में लगे वाहनों को कोई परेशानी न हो। मतगणना केंद्र के अंदर सिर्फ अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। प्रवेश से पहले पहचान पत्र की गहन जांच की जाएगी और बिना अनुमति किसी को भी अंदर नहीं जाने दिया जाएगा।

शांतिपूर्ण मतगणना पर जोर
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। हर स्तर पर निगरानी रखी जाएगी और किसी भी तरह की गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई होगी। अधिकारियों का कहना है कि सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं और मतगणना दिवस पर पूरी मुस्तैदी के साथ व्यवस्था लागू की जाएगी, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
Also Read : एयरलिफ्ट कर रांची लाये गये सारंडा ब्लास्ट में जख्मी हुए दो जवान, राज अस्पताल में भर्ती


