Ranchi : झारखंड में इस बार होली को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए झारखंड पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने सभी जिलों में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। राज्य के सभी डीसी और एसपी को पत्र भेजकर विशेष सतर्कता बरतने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस साल तीन मार्च को होलिका दहन और चार मार्च को रंगों का त्योहार होली मनाया जाएगा। खास बात यह है कि इसी दौरान मुस्लिम समुदाय का पवित्र रमजान माह भी चल रहा है। शाम के समय जहां एक ओर इफ्तार होता है, वहीं दूसरी ओर होली मिलन समारोह भी आयोजित होते हैं। ऐसे में प्रशासन को सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्क रहने को कहा गया है।
सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर
स्पेशल ब्रांच ने साफ कर दिया है कि फेसबुक, व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भड़काऊ पोस्ट डालने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। नफरत फैलाने वाले ग्रुप एडमिन के नाम और मोबाइल नंबरों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। अगर कोई दूसरे समुदाय के लोगों पर जबरन रंग डालता है या धार्मिक स्थलों के पास हुड़दंग करता है तो उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई होगी। प्रशासन का साफ संदेश है- त्योहार मनाएं, लेकिन कानून हाथ में न लें।
पुराने विवादों का डेटा खंगालने का निर्देश
स्पेशल ब्रांच ने 2021 से 2025 के बीच होली के दौरान हुई सांप्रदायिक घटनाओं का पूरा ब्योरा तैयार करने को कहा है। जिन इलाकों में पहले लाउडस्पीकर या डीजे को लेकर विवाद हो चुका है, वहां इस बार विशेष पुलिस बल तैनात किया जाएगा। साथ ही अवैध और नकली शराब की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए छापेमारी के निर्देश दिए गए हैं। होलिका दहन के दौरान किसी की झोपड़ी, गुमटी या दुकान में आग लगाने जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सघन गश्ती की जाएगी।
पशु तस्करी और तेज रफ्तार पर भी सख्ती
जिला और थाना स्तर पर शांति समिति की बैठकें जल्द आयोजित करने को कहा गया है, ताकि स्थानीय स्तर की समस्याओं का पहले ही समाधान हो सके। पशु तस्करी, अवैध पशुवध और प्रतिबंधित मांस की बिक्री पर सख्त कार्रवाई होगी। त्योहार के दौरान नशे में गाड़ी चलाने वालों पर भी शिकंजा कसा जाएगा। इसके लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। पुलिस बलों की तैनाती होली की समाप्ति तक सुनिश्चित की जाएगी।
प्रशासन की अपील
पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि होली आपसी भाईचारे और खुशियों का त्योहार है। इसे प्रेम और सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें।
Also Read : जंगली हाथियों की दस्तक से सहमा खूंटी, ग्रामीणों में भय

