Palamu : पलामू जिले के रेहला थाना क्षेत्र के कधवन इलाके में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्कूल बस के पास तेज रफ्तार से पहुंचे एक हाइवा ने टक्कर मार दी, जिससे बच्चों को बस में चढ़ा रहे खलासी की मौत हो गई। इस हादसे में दो स्कूली बच्चे भी चपेट में आते-आते बचे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
बच्चों को बस में चढ़ाने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, कधवन इलाके में सुबह स्कूल बस खड़ी थी और बच्चे उसमें चढ़ रहे थे। इसी दौरान बस के खलासी नूर मोहम्मद बच्चों को सुरक्षित बस में बैठाने का काम कर रहे थे। तभी तेज रफ्तार से एक हाइवा वहां पहुंचा और अनियंत्रित होकर स्कूल बस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खलासी नूर मोहम्मद हाइवा की चपेट में आ गए और बुरी तरह घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (MMCH) पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने जांच के दौरान नूर मोहम्मद को मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों ने भी घटना पर दुख जताया। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय बस में चढ़ रहे स्कूली बच्चे सुरक्षित बच गए। यदि कुछ सेकंड की भी देरी होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
पुलिस ने हाइवा किया जब्त
घटना की सूचना मिलते ही रेहला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी गुलशन बिरुआ ने बताया कि दुर्घटना में शामिल हाइवा को जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि इस इलाके में भारी वाहनों की तेज रफ्तार लगातार हादसों का कारण बन रही है। उन्होंने प्रशासन से स्कूल समय में भारी वाहनों की आवाजाही पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।
Also Read : पाकुड़ में फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी पर फा’यरिंग, बाल-बाल बची जान


