Pakur : पाकुड़ के नगर थाना क्षेत्र के ग्वालपाड़ा स्थित निमतल्ला के पास शनिवार को एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी पर फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। अचानक गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग दहशत में आ गए और घरों व गलियों की ओर भागने लगे। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना में फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी मिथुन कुमार रजक घायल हो गए। बताया जा रहा है कि आरोपी ने उन पर देसी कट्टा तानकर हवा में फायरिंग की। गोली सीधे नहीं लगी, लेकिन बारूद के छींटे मिथुन कुमार रजक के बाजू में लग गए, जिससे वह घायल हो गए। उन्हें तुरंत इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में दिनभर और देर रात तक शोर-शराबा होता था, जिससे आसपास के लोग काफी परेशान थे। इसको लेकर पहले भी कई बार आपत्ति जताई गई थी। शुक्रवार को इसी बात को लेकर फिर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते बढ़ गया। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले शिबू राउत नामक युवक ने गुस्से में आकर फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी मिथुन कुमार रजक पर देसी कट्टा तान दिया और हवा में गोली चला दी। फायरिंग के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फाइनेंस कंपनी के प्रबंधक निर्मल मंडल ने बताया कि घटना के पीछे का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है, लेकिन अचानक विवाद बढ़ने के बाद गोली चलने की बात सामने आई। उन्होंने बताया कि आरोपी शिबू राउत की हरकत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
नगर थाना प्रभारी अनिल गुप्ता ने बताया कि हवा में फायरिंग की बात सामने आई है। फिलहाल थाना में अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य है, लेकिन घटना को लेकर लोगों में चर्चा बनी हुई है।
Also Read : अंतरराज्जीय आर्म्स सप्लायर को झारखंड ATS ने देवघर से पकड़ा, कई जिलों में दर्ज हैं मामले


