Dhanbad : कोयलांचल की राजनीति में आज एक नया अध्याय जुड़ गया है। धनबाद नगर निगम के मेयर पद के लिए हुई गहमागहमी भरी मतगणना में संजीव सिंह ने शानदार और एकतरफा जीत हासिल की है। शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखने वाले संजीव ने अपने सभी प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए मेयर की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया।
मतगणना के दौरान सुरक्षा का कड़ा इंतजाम
शुक्रवार को जारी हुए मतगणना के बाद शनिवार को भी मतगणना जारी रही। सुबह से ही धनबाद के मतगणना केंद्र पर भारी पुलिस और प्रशासनिक सुरक्षा के बीच वोटों की गिनती चलती रही। पहले राउंड से ही संजीव सिंह के पक्ष में रुझान दिखाई देने लगे थे, जो समय के साथ एक बड़ी जीत में बदल गए।
करीब 25 हजार वोटों से मिली जीत
संजीव सिंह ने पहले राउंड से लेकर छठे राउंड तक हर चरण में अपनी बढ़त को और मजबूत किया। पांचवें राउंड की गिनती पूरी होने तक उनके वोटों का आंकड़ा इतना बढ़ गया कि विपक्षी उम्मीदवारों की वापसी की संभावना समाप्त हो गई। कुल मिलाकर संजीव सिंह करीब 25 हजार वोटों से मेयर पद जीत गए।
समर्थकों में उत्साह का माहौल
जैसे ही जीत तय हुई और यह खबर मतगणना केंद्र से बाहर आई, उनके समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। मतगणना केंद्र के बाहर समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों और अबीर-गुलाल के साथ जश्न मनाना शुरू कर दिया। चुनाव आयोग और जिला प्रशासन द्वारा कुछ ही देर में इस जीत की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी।
Also Read : मुजफ्फरपुर में भीषण सड़क हादसा, 7 वर्षीय छात्रा की मौ’त


