Johar Live Desk : सऊदी अरब की अपकमिंग एक्शन फिल्म ‘7 डॉग्स’ का ट्रेलर रिलीज होते ही इंटरनेट पर हलचल मच गई है। वजह साफ है — ट्रेलर में सलमान खान और संजय दत्त की धमाकेदार झलक। मंगलवार को रिलीज हुए इस ट्रेलर में दोनों बॉलीवुड सुपरस्टार्स के सरप्राइज कैमियो ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है।
सलमान खान और संजय दत्त ने मचाई तबाही
‘बैड बॉयज फॉर लाइफ’ फेम डायरेक्टर आदिल एल अरबी और बिलाल फल्लाह के निर्देशन में बनी इस फिल्म में जबरदस्त एक्शन देखने को मिल रहा है। हालांकि मेकर्स ने सलमान और संजय के किरदारों को लेकर सस्पेंस बनाए रखा है, लेकिन ट्रेलर से साफ है कि ये कैमियो सिर्फ नाम के नहीं हैं।
वहीं संजय दत्त हाथ में एक गैजेट लिए बेहद खतरनाक लुक में दिखाई देते हैं। उनका यह अंदाज फिल्म में उनकी मजबूत और असरदार मौजूदगी का इशारा देता है। फिल्म का ट्रेलर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या है फिल्म ‘7 डॉग्स’ की कहानी?
फिल्म ‘7 डॉग्स’ में मिस्र के सुपरस्टार करीम अब्देल-अजीज और अहमद एज लीड रोल में हैं। खास बात यह है कि इस फिल्म में इटैलियन स्टार मोनिका बेलुची भी नजर आएंगी।
कहानी एक खतरनाक नए ड्रग के इर्द-गिर्द घूमती है, जो पूरे मिडिल ईस्ट में तेजी से फैल रहा है। इस मिशन को रोकने की जिम्मेदारी कुछ खास लोगों को दी जाती है। फिल्म की कहानी सऊदी अरब की जनरल एंटरटेनमेंट अथॉरिटी के चेयरमैन तुर्की अल-शेख ने लिखी है। सलमान खान और संजय दत्त ने पिछले साल फरवरी में इस फिल्म की शूटिंग की थी।
कब रिलीज होगी ‘7 डॉग्स’?
इंटरनेशनल डायरेक्टर्स, अलग-अलग देशों के कलाकारों और सरप्राइज बॉलीवुड कैमियो के साथ ‘7 डॉग्स’ को इस इलाके की सबसे बड़ी एक्शन फिल्मों में से एक माना जा रहा है। यह फिल्म इस साल के आखिर तक रिलीज होने वाली है।
पहले भी साथ दिख चुके हैं सलमान-संजय
सलमान खान और संजय दत्त इससे पहले ‘साजन’, ‘चल मेरे भाई’ और ‘दस’ जैसी फिल्मों में साथ नजर आ चुके हैं। एक बार फिर दोनों को एक ही फ्रेम में देखकर फैंस बेहद खुश हैं।
Also Read : निकाय चुनाव से पहले रांची में बड़ा एक्शन, कटहल मोड़ से 9 लाख कैश जब्त


