Jamshedpur : जमशेदपुर से सटे दलमा वन क्षेत्र में शनिवार का दिन सैलानियों के लिए खास रहा। झारखंड के पर्यटन मंत्री सुदिव्य सोनू ने दलमा में सफारी सेवा की शुरुआत कर दी। मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर पांच सफारी वाहनों का उद्घाटन किया, जिससे अब पर्यटकों को जंगल घूमने में पहले से ज्यादा सहूलियत मिलेगी।
इस मौके पर ईचागढ़ विधायक सबिता महतो, घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन, डीएफओ सबा आलम अंसारी सहित दलमा वन क्षेत्र के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने इस पहल को पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।
सफारी उद्घाटन के साथ-साथ पर्यटन मंत्री ने माकुलाकोचा में बनने वाले 15 कोटेज और पिंड्राबेड़ा में तैयार किए जाने वाले 15 कोटेज का भूमि पूजन भी किया। इससे आने वाले समय में दलमा आने वाले पर्यटकों को ठहरने की बेहतर सुविधा मिलेगी।
इस मौके पर मंत्री सुदिव्य सोनू ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन क्षेत्र को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। दलमा क्षेत्र में सफारी वाहनों की शुरुआत उसी कड़ी का हिस्सा है। आगे भी सरकार पर्यटन से जुड़ी सुविधाओं को और बेहतर बनाएगी, ताकि ज्यादा से ज्यादा सैलानी झारखंड की ओर आकर्षित हों।
ईचागढ़ विधायक सबिता महतो ने कहा कि दलमा वन्य क्षेत्र उनके विधानसभा क्षेत्र में आता है और अब यहां आने वाले पर्यटकों को काफी सहूलियत मिलेगी। सफारी शुरू होने से जंगल भ्रमण के दौरान होने वाली परेशानियां काफी हद तक खत्म होंगी।
वहीं घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन ने राज्य सरकार को इस पहल के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि घाटशिला क्षेत्र में भी पर्यटकों की आवाजाही काफी रहती है। दलमा के साथ-साथ घाटशिला में मौजूद डैमों का सौंदर्यीकरण होने से सैलानियों को और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
विधायक सोमेश सोरेन ने भरोसा जताया कि आने वाले समय में घाटशिला का भी तेजी से विकास होगा और वहां घूमने आने वाले सैलानियों को डैम और पर्यटन स्थलों पर हर तरह की सुविधाएं मिलेंगी।
Also Read :22 साल बाद खुला बड़ा राज, पारसनाथ की पहाड़ी से पुलिस से लूटे हैंड ग्रेनेड और हथियार बरामद

