Ranchi : रांची में खेले जा रहे आरपीसी मीडिया कप 2026 का रोमांच अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच गया है। लीग और सेमीफाइनल के उतार-चढ़ाव के बाद अब तस्वीर साफ है। खिताब के लिए गंगा और स्वर्णरेखा की टीमें आमने-सामने होंगी। मुकाबला सोमवार यानी 16 फरवरी को दोपहर 12 बजे जे के क्रिकेट एकेडमी मैदान में खेला जाएगा। दोनों टीमों का फॉर्म देखते हुए फाइनल के कांटे का होने की पूरी उम्मीद है।

पहला सेमीफाइनल : गंगा ने 11 रन से मारी बाजी
गंगा और मयूराक्षी के बीच पहला सेमीफाइनल काफी रोमांचक रहा। गंगा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 ओवर में 4 विकेट पर 123 रन बनाए। ओम प्रकाश झा ने 43 रन की अहम पारी खेली, जबकि संतोष ने 30 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मयूराक्षी की शुरुआत ठीक रही, लेकिन बीच के ओवरों में विकेट गिरते रहे। ओम प्रकाश ने 50 रन की शानदार पारी खेली और लाल दिवाकर ने 21 रन बनाए, लेकिन टीम 15.1 ओवर में 112 रन पर सिमट गई। गंगा की तरफ से संतोष कुमार सिन्हा ने कमाल की गेंदबाजी की। उन्होंने 3 विकेट लेकर मैच का रुख पलट दिया। दिवाकर और विजय ने भी 2-2 विकेट लेकर जीत पक्की कर दी। संतोष कुमार सिन्हा को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

दूसरा सेमीफाइनल : स्वर्णरेखा की धुआंधार जीत
दूसरे सेमीफाइनल में अमानत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 ओवर में 6 विकेट पर 127 रन बनाए। रियाज आलम ने 53 रन की बढ़िया पारी खेली, जबकि शमीम राजा ने 35 रन जोड़े। स्वर्णरेखा की ओर से राजेश कुमार ने 2 विकेट लेकर दबाव बनाए रखा। 128 रन का लक्ष्य स्वर्णरेखा के बल्लेबाजों ने आसान बना दिया। टीम ने सिर्फ 12.4 ओवर में 2 विकेट खोकर 129 रन बना लिए। मोनू कुमार ने 77 रन की विस्फोटक पारी खेलकर मैच एकतरफा कर दिया। विजय कुमार ने भी 29 रन का अहम योगदान दिया। अमानत की तरफ से बिपिन और शमीम राजा को एक-एक विकेट मिला, लेकिन तब तक मैच हाथ से निकल चुका था। मोनू कुमार को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
मैदान पर पहुंचे सीनियर एसएसपी, खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
सेमीफाइनल मुकाबलों के दौरान रांची के सीनियर एसएसपी राकेश रंजन मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात की, उनका उत्साह बढ़ाया और खेल भावना बनाए रखने की बात कही। खिलाड़ियों के लिए यह खास पल रहा।

अब फाइनल की बारी, कौन उठाएगा ट्रॉफी?
अब सबकी नजर सोमवार को होने वाले फाइनल मुकाबले पर है। गंगा की टीम जहां संतुलित नजर आ रही है, वहीं स्वर्णरेखा की बल्लेबाजी बेहद आक्रामक फॉर्म में है। देखना दिलचस्प होगा कि खिताब किसके नाम होता है। एक बात तय है, जे के क्रिकेट एकेडमी मैदान पर सोमवार को जबरदस्त मुकाबला देखने को मिलेगा।

Also Read ड्रोन की मदद से मिली बड़ी सफलता, 10 एकड़ अफीम की फसल पुलिस ने की तबाह


