Gumala: झारखंड के गुमला जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। सदर थाना क्षेत्र के कोसंबी गांव के पास देर शाम एक ट्रैक्टर और बाइक के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 16 वर्षीय शिवा कुमार सिंह के रूप में हुई है। वह अपने साथी के साथ बाइक पर सवार होकर कोसंबी से खूंटी की ओर जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।
आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल युवक को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया। घायल की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर करने की तैयारी की जा रही है। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने की मांग की है।
Also Read : हजारीबाग हत्याकांड और पत्रकार पर हमले की जांच करेगी कांग्रेस, चार सदस्यीय समिति गठित


