Ranchi : होली से पहले ही घर लौटने की आपाधापी शुरू हो गई है। खासकर रांची आने वाले लोगों की मुश्किलें इस बार कुछ ज्यादा ही बढ़ गई हैं। बड़े शहरों में काम करने वाले लोग किसी तरह टिकट का इंतजाम कर घर पहुंचने की कोशिश में जुटे हैं, मगर महंगे हवाई किराये और ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट ने उनकी परेशानी बढ़ा दी है। त्योहार की खुशी से पहले ही सफर की चिंता और खर्च का दबाव लोगों पर साफ दिख रहा है।
फ्लाइट का किराया ढाई से तीन गुना
दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई जैसे शहरों से रांची आने वाली फ्लाइटों में सीटों की भारी किल्लत है। किराया सामान्य दिनों के मुकाबले ढाई से तीन गुना तक पहुंच गया है। झारखंड चैंबर की टूरिज्म कमेटी के चेयरमैन और दृष्टि ट्रैवल्स के संचालक शैलेश अग्रवाल बताते हैं कि उनके पास रोज 50 से ज्यादा इन्क्वायरी आ रही हैं। लेकिन न तो सीट मिल रही है और न ही किराया लोगों की जेब के मुताबिक है। मजबूरी में कई यात्री महंगे टिकट खरीद रहे हैं।
ट्रेनों में लंबी वेटिंग
रेलवे ने इस बार पहले से पर्याप्त होली स्पेशल ट्रेनें नहीं चलाईं, जिससे नियमित ट्रेनों पर दबाव बढ़ गया है। हालत ये है कि कई ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट 100 से 150 के पार पहुंच चुकी है।
कोलकाता-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस : 2 मार्च तक सभी श्रेणियों में वेटिंग
हावड़ा-हटिया क्रिया योगा एक्सप्रेस : 2 मार्च तक वेटिंग
जम्मू तवी-संबलपुर एक्सप्रेस : स्लीपर और सेकेंड एसी में रिग्रेट
झारखंड संपर्क क्रांति एक्सप्रेस : 4 मार्च तक वेटिंग
नई दिल्ली-रांची गरीब रथ एक्सप्रेस : होली तक 150 वेटिंग
झारखंड एक्सप्रेस दिल्ली-हटिया : सभी श्रेणियों में लंबी वेटिंग
लोकमान्य तिलक-हटिया एक्सप्रेस : होली तक लंबी वेटिंग
एलटीटी-गया एक्सप्रेस : स्लीपर में 100 से ज्यादा वेटिंग
बेंगलुरु-हटिया एक्सप्रेस : सभी श्रेणियों में लंबी वेटिंग
एल्लेपी-धनबाद एक्सप्रेस : होली तक वेटिंग
प्राइवेट गाड़ियां भी वसूल रहीं ज्यादा किराया
जिन्हें ट्रेन और फ्लाइट में जगह नहीं मिल रही, वे प्राइवेट गाड़ियों का सहारा ले रहे हैं। लेकिन यहां भी जेब ढीली करनी पड़ रही है। त्योहार के नाम पर किराया बढ़ा दिया गया है। कई लोग तो दोस्तों के साथ मिलकर गाड़ी बुक कर रहे हैं ताकि खर्च बंट जाए।
रांची-आनंद विहार के बीच स्पेशल ट्रेन
भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने राहत देने का फैसला किया है। रांची-आनंद विहार होली स्पेशल ट्रेन 28 फरवरी और 7 मार्च को रांची से शाम 4:25 बजे खुलेगी और अगले दिन शाम 6 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी में आनंद विहार-रांची होली स्पेशल 1 मार्च और 8 मार्च को आनंद विहार से शाम 7:30 बजे चलेगी और अगले दिन शाम 7:10 बजे रांची पहुंचेगी। इससे दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
इन रूटों पर अभी सीटें उपलब्ध
झारखंड रेल यूजर एसोसिएशन के सह सचिव ऋतिक राज के मुताबिक, रांची से गोरखपुर और झंझारपुर के लिए चलाई जा रही स्पेशल ट्रेनों में अभी सीटें उपलब्ध हैं। इसके अलावा वाया रांची चलने वाली कुछ ट्रेनों में भी सीट मिल सकती है।
Also Read : रांची रेलवे स्टेशन का साउथ गेट जल्द खुलेगा, प्लेटफार्म-6 से शुरू होगी यात्री सेवाएं


