New Delhi : हर साल 26 जनवरी को देशभर में गणतंत्र दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है। दिल्ली के कर्तव्य पथ पर होने वाली परेड देश की सैन्य शक्ति, संस्कृति और एकता की झलक दिखाती है। अगर आप इस साल गणतंत्र दिवस परेड को कर्तव्य पथ पर जाकर देखना चाहते हैं, तो इसके लिए टिकट की बिक्री शुरू हो चुकी है।
14 जनवरी तक खरीद सकते हैं टिकट
गणतंत्र दिवस परेड 2026 के लिए टिकटों की बिक्री 5 जनवरी से शुरू हो गई है। इच्छुक लोग 14 जनवरी तक टिकट खरीद सकते हैं। टिकट हर दिन सुबह 9 बजे से उपलब्ध होते हैं और सीटें खत्म होने तक बिक्री जारी रहती है। इसलिए समय रहते टिकट लेना जरूरी है।
कम कीमत में मिलेगा प्रवेश
परेड देखने के लिए टिकट की कीमत काफी किफायती रखी गई है।
- 26 जनवरी की गणतंत्र दिवस परेड के टिकट 20 रुपये और 100 रुपये में उपलब्ध हैं।
- 28 जनवरी को होने वाली बीटिंग रिट्रीट फुल ड्रेस रिहर्सल के टिकट 20 रुपये के हैं।
- 29 जनवरी की बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी के टिकट 100 रुपये में मिलेंगे।
ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा
लोग घर बैठे भी ऑनलाइन टिकट बुक कर सकते हैं। इसके लिए रक्षा मंत्रालय के आधिकारिक पोर्टल आमंत्रण पर जाकर आवेदन करना होगा। बुकिंग के दौरान नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, पता और ईमेल आईडी भरनी होगी। साथ ही एक वैध पहचान पत्र की जानकारी देना जरूरी है।
ऑफलाइन कहां से मिलेंगे टिकट
जो लोग ऑनलाइन टिकट नहीं खरीदना चाहते, वे दिल्ली में बनाए गए काउंटरों से भी टिकट ले सकते हैं। टिकट काउंटर सेना भवन, शास्त्री भवन, जंतर मंतर, संसद भवन, राजीव चौक मेट्रो स्टेशन और कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन पर उपलब्ध हैं। काउंटर 5 से 14 जनवरी तक सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे और दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक खुले रहेंगे।
आईडी कार्ड जरूरी
टिकट खरीदते समय केंद्र या राज्य सरकार द्वारा जारी फोटो पहचान पत्र होना जरूरी है। इसके लिए आधार कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड या पासपोर्ट मान्य होगा।
Also Read : काराकास में राष्ट्रपति भवन के पास संदिग्ध ड्रोन, सुरक्षा बलों की फा’यरिंग से हड़कंप


