Ranchi : गर्मी के मौसम में ट्रेनों में लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेल मंत्रालय ने यात्रियों की सुविधा के लिए पटना–चर्लपल्ली–पटना स्पेशल ट्रेन (वाया रांची) चलाने का फैसला लिया है। इस स्पेशल ट्रेन के संचालन से बिहार, झारखंड और दक्षिण भारत के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। रेल मंत्रालय के अनुसार यह ट्रेन रांची और हटिया समेत झारखंड के कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी, जिससे यात्रियों को सीधी और अतिरिक्त कनेक्टिविटी मिल सकेगी। साथ ही भीड़ को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी।
8 अप्रैल से चलेगी पटना–चर्लपल्ली स्पेशल ट्रेन
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 03253 पटना–चर्लपल्ली स्पेशल का संचालन 8 अप्रैल से 27 मई तक किया जाएगा। यह ट्रेन इस अवधि में हर सोमवार और बुधवार को पटना से रवाना होगी। इस दौरान कुल 15 ट्रिप संचालित किए जाएंगे।
यह रहेगा पटना से चलने वाली ट्रेन का रूट
यह ट्रेन पटना से दोपहर 3:00 बजे रवाना होगी और गया, कोडरमा, गोमो, बोकारो स्टील सिटी, रांची और हटिया होते हुए आगे राउरकेला, दुर्ग, नागपुर, बेल्लमपल्ली के रास्ते चर्लपल्ली पहुंचेगी। वापसी के लिए रेलवे ने दो ट्रेनों की व्यवस्था की है।
ट्रेन संख्या 03254 चर्लपल्ली–पटना स्पेशल
यह ट्रेन 15 अप्रैल से 27 मई तक चलेगी और हर बुधवार को संचालित होगी। इसमें कुल 7 ट्रिप निर्धारित किए गए हैं।
ट्रेन संख्या 03255 चर्लपल्ली–पटना स्पेशल
यह ट्रेन 10 अप्रैल से 29 मई तक चलेगी और हर शुक्रवार को संचालित होगी। इसमें कुल 8 ट्रिप निर्धारित किए गए हैं।
वापसी में यह रहेगा रूट
दोनों वापसी ट्रेनें चर्लपल्ली से चलकर नागपुर, दुर्ग, राउरकेला, हटिया, रांची, बोकारो, गोमो, कोडरमा और गया होते हुए पटना पहुंचेगी।
रांची और हटिया स्टेशन पर ठहराव
रेलवे ने बताया कि इस स्पेशल ट्रेन का रांची और हटिया स्टेशन पर ठहराव रहेगा। पटना से चलने वाली ट्रेन रात 11:25 बजे रांची पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन देर रात और तड़के रांची होकर गुजरेगी।
22 कोच की होगी ट्रेन
रेलवे के अनुसार इन ट्रेनों में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे। इनमें शामिल होंगे—
- जनरेटर यान का 01 कोच
- एसएलआरडी का 01 कोच
- सामान्य श्रेणी के 02 कोच
- द्वितीय श्रेणी स्लीपर के 04 कोच
- वातानुकूलित 3-टियर के 07 कोच
- वातानुकूलित 3-टियर (इकोनॉमी) के 07 कोच
यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
रेल मंत्रालय के इस फैसले से गर्मी के दौरान यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी सुविधा होगी। विशेष रूप से बिहार, झारखंड और दक्षिण भारत जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन मिलने से टिकट उपलब्धता बढ़ेगी और ट्रेनों में भीड़ कम होने की उम्मीद है।


