रांची : होटवार स्थित बिरसा मुंडा जेल में रविवार दोपहर पत्नी की हत्या के आरोप में बंद एक कैदी ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की. कैदी शौचालय के पीछे पेड़ पर चढ़कर गमछे से फंदा बनाकर झूल गया. इसी दौरान डाली से तेज आवाज आने पर वहां तैनात सिपाहियों की नजर उस पर पड़ गई. सिपाहियों ने तुरंत उसे फंदे से उतारा और जेल अस्पताल पहुंचाया. हालत गंभीर होने पर उसे ऑक्सीजन लगाकर आनन-फानन में RIMS भेजा गया.
कैदी की पहचान रातू थाना क्षेत्र के काठीटांड़ निवासी 37 वर्षीय रंथु महतो के रूप में हुई है. वह पत्नी संगीता कुमारी की हत्या के आरोप में 29 सितंबर 2025 से जेल में बंद है. फिलहाल RIMS के न्यूरो सर्जरी विभाग में उसका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के मुताबिक समय पर अस्पताल पहुंचने की वजह से उसकी जान बच गई, लेकिन उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है.
जेल प्रशासन के मुताबिक रंथु महतो ने रविवार दोपहर करीब 1.49 बजे जेल में गिनती दी. इसके बाद वह शौच जाने की बात कहकर जेल के पीछे की तरफ चला गया. वह गमछा पहने हुए था. वहां पहुंचने के बाद वह अचानक एक पेड़ पर चढ़ गया और गमछे से फंदा बनाकर पेड़ की डाली से झूल गया. करीब 1.52 बजे डाली पर उसके झूलने से तेज आवाज हुई. आवाज सुनकर ड्यूटी पर तैनात सिपाहियों की नजर उस तरफ गई. उन्होंने तुरंत उसे नीचे उतारा और जेल अस्पताल पहुंचाया.
चार मिनट में ऑक्सीजन, 12 मिनट बाद RIMS के लिए रवाना
जेल अस्पताल में रंथु की हालत बिगड़ती देख डॉक्टरों ने करीब 1.56 बजे उसे ऑक्सीजन लगाया. इसके बाद एंबुलेंस से RIMS भेजने की तैयारी की गई. दो सिपाही उसे लेकर दोपहर 2.01 बजे जेल गेट से RIMS के लिए रवाना हुए. दोपहर 2.14 बजे RIMS के इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों की टीम ने उसका इलाज शुरू कर दिया. करीब 45 मिनट बाद उसकी हालत में सुधार के संकेत मिले. इसके बाद शाम करीब 5 बजे उसे न्यूरो सर्जरी विभाग में शिफ्ट कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है.
छह महीने की गर्भवती थी पत्नी, कुएं से मिला था शव
रंथु महतो की शादी 26 अप्रैल 2024 को नगड़ी निवासी संगीता कुमारी से हुई थी. शादी के करीब 17 महीने बाद 29 सितंबर 2025 को संगीता का शव घर के आंगन में बने कुएं से बरामद हुआ था. उस समय वह छह महीने की गर्भवती थी.
शव मिलने के बाद संगीता के पिता कृष्णा महतो ने रंथु महतो समेत पांच लोगों के खिलाफ रातू थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. उन्होंने दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया था. प्राथमिकी के बाद पुलिस ने रंथु को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. पुलिस और जेल प्रशासन के मुताबिक जेल जाने के बाद से रंथु काफी परेशान था. रविवार को उसने अचानक आत्महत्या की कोशिश कर दी. हालांकि, समय रहते सिपाहियों की नजर पड़ जाने से उसकी जान बच गई. फिलहाल डॉक्टर उसकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं.

