रांची : राजधानी में बीते देर रात रांची पुलिस ने बड़ी वारदात को अंजाम देने से पूर्व रोक लिया है. इस घटना में पुलिस ने 4 आरोपियों को भी दबोचा है. रांची के एसएसपी राकेश रंजन की सूझबूझ से घटना में संलिप्त सभी आरोपी पकड़े गए. पूरा मामला अरगोड़ा थाना क्षेत्र के कडरू इलाके का है. रविवार देर रात हथियार के बल पर अगवा किए गए एक युवक को रांची पुलिस ने महज 120 मिनट के भीतर सकुशल बरामद कर लिया. पुलिस के पहुंचने के बाद जो स्थिति सामने आई, उसने सभी को हैरान कर दिया. आरोप है कि अपहरणकर्ताओं ने युवक के साथ मारपीट की और उसे नग्न कर उसका वीडियो बनाया है. अरगोड़ा थाना में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
क्या है पूरा मामला
रांची पुलिस की प्रारंभिक जांच में इस खौफनाक वारदात के पीछे की वजह लड़की से जुड़ा पुराना विवाद सामने आई है. पीड़ित युवक और आरोपी गुट के बीच पिछले कुछ महीनों से रंजिश चल रही थी. करीब चार महीने पहले भी पीड़ित युवक ने रांची के सदर थाने में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था. इसके बाद भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई थी. इसी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपियों ने रविवार रात इस वारदात को अंजाम दिया है.
नगड़ी से मिला युवक, दरिंदगी की हदें पार
रांची पुलिस के संज्ञान में मामला आने के बाद पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई के आगे अपहरणकर्ता ज्यादा देर टिक नहीं सके. घटना के ठीक दो घंटे के अंदर पुलिस टीम ने नगड़ी इलाके में घेराबंदी कर पीड़ित युवक को ढूंढ निकाला.
जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो वहां का मंजर हैरान कर देने वाला था. पीड़ित युवक बिल्कुल नग्न अवस्था में था. अपहरणकर्ताओं ने न सिर्फ उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि दरिंदगी की सीमाएं लांघते हुए उसकी नग्न हालत में वीडियो भी बना ली. पीड़ित के साथ काफी अमानवीय व्यवहार किया गया था. पुलिस ने तुरंत उसे सुरक्षा में लिया और इलाज व देखभाल के लिए भेजा.
Also Read : पत्नी की हत्या के आरोप में जेल में बंद रंथु ने की आत्मह’त्या की कोशिश, गंभीर हालत में RIMS में भर्ती

