Ranchi : रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान मो. जुबैर अंसारी उर्फ जावेद के रूप में हुई है। वह लातेहार के बालूमाथ थाना क्षेत्र के बालू बस्ती का रहने वाला है। उसके पास से पुलिस ने 3.758 किलो अफीम और 2300/- रूपये कैश जब्त किये हैं। इस बात का खुलासा रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने किया।
सिटी एसपी पारस राणा ने मीडिया को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक शख्स बैग में अफीम लेकर लालपुर से कांटा टोली की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही सीनियर सिटी डीएसपी वेंकटेश रमण और लोअर बाजार थानेदार इंस्पेक्टर रणविजय की देखरेख में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को रोका और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के बैग से काले रंग के प्लास्टिक में रखे दो पारदर्शी पैकेट बरामद किए गए। पैकेटों में कुल 3.758 किलोग्राम अफीम पाई गई। इसके अलावा आरोपी के पास से 2300 रुपये नकद, एक स्मार्टफोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस भी जब्त किया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह लातेहार से अफीम लेकर उसे बेचने के लिए रांची आया था। उसने बताया कि पैसों की जरूरत के कारण वह तैयार अफीम को बाजार में बेचने की फिराक में था। पुलिस के अनुसार बरामद अफीम पूरी तरह तैयार थी, जिससे आगे अन्य नशीले पदार्थ तैयार किए जाते हैं। गिरफ्तारी के बाद लोअर बाजार थाना में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 18(बी) और 29 के तहत कांड संख्या 01/26 दर्ज किया गया है। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
Also Read : महिला की ऑटो में लगाई आ’ग, अपराधियों की तलाश जारी


