Ramgarh : पतरातु मेन रोड स्थित ओवरब्रिज निर्माण कार्य के कार्यालय में शनिवार यानी तीन जनवरी को गोलीबारी की गयी। इस गोलीबारी से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक धमकी भरा प्रेस रिलीज वायरल हुआ है। रिलीज “आजाद सरकार (राहुल सिंह गैंग)” के नाम से वायरल हुआ है। आजाद सरकार ने गोलीबारी की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है।
वायरल रिलीज में आरोपियों ने ठेकेदारों और कारोबारियों को खुले तौर पर धमकी दी है। कहा गया है कि जो भी व्यापारी या ठेकेदार उनके कॉल या मैसेज को नजरअंदाज करेगा, उसके खिलाफ हिंसक कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों ने इसे “ट्रेलर” बताते हुए आगे और घटनाओं को अंजाम देने की चेतावनी दी है। धमकी भरे संदेश में चंदन ठेकेदार का नाम लेते हुए कहा गया है कि यदि उन्होंने संपर्क नहीं किया तो अंजाम उनकी कल्पना से परे होगा। साथ ही रामगढ़ जिले में काम कर रहे सभी प्रकार के ठेकेदारों, माइनिंग ऑपरेटर, कोयला कारोबार से जुड़े लोगों, ट्रांसपोर्ट और हैंडलिंग एजेंसियों को भी निशाना बनाते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस कार्यालय परिसर और आसपास के इलाकों से साक्ष्य जुटा रही है। साथ ही वायरल प्रेस रिलीज की सत्यता की जांच की जा रही है। गोलीबारी में किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन घटना के बाद निर्माण कार्य से जुड़े लोगों में दहशत का माहौल है।

Also Read : नशे के कारोबार पर रांची पुलिस का वार, 3.758 किलो अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार


