Ranchi : नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 के तहत रांची और बुण्डू नगर पंचायत में मतगणना कार्य को सुव्यवस्थित, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
ट्रांसपोर्ट नगर में चल रही तैयारियां
आजरांची के जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह- डीसी मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेस रंजन ने ट्रांसपोर्ट नगर स्थित मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने हॉल की टेबलों की व्यवस्था, वार्डवार/पदवार मतगणना कक्ष, प्रवेश-निकास द्वार, प्रत्याशियों और उनके एजेंटों की बैठने की व्यवस्था, मीडिया कक्ष, कंट्रोल रूम और वेटिंग एरिया की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीसी भजंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतगणना पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में हो।
सुरक्षा व्यवस्था पूरी फुलप्रूफ
उन्होंने कहा कि हॉल के सभी प्रवेश द्वार पर सघन जांच हो और केवल वैध पासधारी ही अंदर प्रवेश करें। दंडाधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती होगी। पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरों से सतत निगरानी रखी जाएगी। मतपेटियों के सुरक्षित भंडारण के लिए स्ट्रांग रूम की सुरक्षा, सीलिंग प्रक्रिया, बिजली और रोशनी की व्यवस्था, पेयजल और साफ-सफाई की सुविधा भी सुनिश्चित की गई है। मतगणना कक्ष तक मतपेटियां सुरक्षा घेरे में लायी जाएंगी और अभ्यर्थियों व उनके एजेंटों की मौजूदगी में ही खोलने का काम होगा।
हेल्प डेस्क और आपातकालीन प्रबंधन
मतगणना कर्मियों की सुविधा के लिए वेलफेयर हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है। इसमें महिला और पुरुष अधिकारी मौजूद रहेंगे ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद मिल सके। साथ ही प्राथमिक उपचार कक्ष, एंबुलेंस और अग्निशमन यंत्र सहित आपातकालीन प्रबंधन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
अधिकारियों को मिले स्पष्ट निर्देश
डीसी भजंत्री ने सभी सीनियर और नोडल पदाधिकारियों को समयबद्ध तरीके से तैयारी पूरी करने और अपने दायित्वों का गंभीरता से पालन करने का निर्देश दिया। सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए एसएसपी राकेश रंजन ने पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती का आदेश दिया। इस अवसर पर उपविकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवनिया, रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, सदर एसडीएम कुमार रजत, जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी-सह-पंचायती राज पदाधिकारी राजेश कुमार साहू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Also Read : झामुमो ने आचार संहिता उल्लंघन का लगाया आरोप, चुनाव आयोग से की हस्तक्षेप की मांग


