New Delhi : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को नई दिल्ली में राज कुमार गोयल को मुख्य सूचना आयुक्त के रूप में शपथ दिलाई। समारोह में उन्हें उनके नए पद की जिम्मेदारियों और कर्तव्यों का पालन करने की शपथ दिलाई गई।
मुख्य सूचना आयुक्त के रूप में गोयल का काम होगा सूचना के अधिकार (आरटीआई) से जुड़े मामलों को निष्पक्ष और समय पर निपटाना और नागरिकों को सरकारी जानकारी उपलब्ध कराने में पारदर्शिता सुनिश्चित करना। यह पद नागरिकों के सूचना के अधिकार की रक्षा और सरकारी जवाबदेही में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
राष्ट्रपति ने शपथ ग्रहण के दौरान कहा कि गोयल अपनी नई जिम्मेदारी को ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाएंगे और सूचना के अधिकार के महत्व को बनाए रखेंगे।
राज कुमार गोयल का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाले तीन सदस्यीय पैनल ने सिफारिश किया था। गोयल 1990 बैच के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी (AGMUT कैडर) हैं। उन्होंने कानून और न्याय मंत्रालय में सचिव, गृह मंत्रालय में सचिव (सीमा प्रबंधन) और केंद्र व जम्मू-कश्मीर में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है।


