Ranchi : झारखंड में प्री-मानसून गतिविधियां अब पूरी तरह सक्रिय हो गई हैं। राज्य के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। कहीं देर तो कहीं मध्यम बारिश हो रही है। हालांकि बारिश से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली है, लेकिन वज्रपात की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में वज्रपात की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई है। गढ़वा जिले के धुरकी प्रखंड स्थित परासपानी कला गांव में शनिवार शाम दर्दनाक हादसा हुआ। गांव का 12 वर्षीय बालक क्रमु कुमार वज्रपात की चपेट में आ गया। परिजन और ग्रामीण उसे बचाने की कोशिश करते रहे, लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।


