Jamshedpur : जमशेदपुर के जादूगोड़ा स्थित यूरेनियम कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (UCIL) की नरवापहाड़ यूरेनियम परियोजना से प्रभावित विस्थापितों ने सोमवार को अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू कर दिया। विस्थापितों ने कंपनी पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए अहले सुबह करीब छह बजे से प्लांट के मुख्य गेट को जाम कर जोरदार प्रदर्शन शुरू किया।
समझौतों के पालन की मांग
आंदोलनकारी विस्थापितों का कहना है कि UCIL प्रबंधन ने साल 2014 और 2023 में रैयत विस्थापितों के साथ कई महत्वपूर्ण समझौते किए थे, लेकिन अब तक उन्हें लागू नहीं किया गया है। इन्हीं समझौतों के अनुपालन की मांग को लेकर विस्थापित समाज ने अनिश्चितकालीन आंदोलन का रास्ता अपनाया है।
प्रमुख मांगें रखीं
विस्थापित समाज कमेटी के महासचिव बुधरायकिस्कू ने आरोप लगाया कि UCIL प्रबंधन लगातार टालमटोल की नीति अपना रहा है।विस्थापितों की मुख्य मांगें:-
- रैयत विस्थापित परिवारों को पीढ़ी दर पीढ़ी नियोजन
- मृतक UCIL कर्मियों के आश्रितों को तत्काल स्थायी नौकरी
- जिन विस्थापित परिवारों के किसी भी सदस्य को अब तक नौकरी नहीं मिली है, उन्हें बहाली में पहली प्राथमिकता देना शामिल है।
इसके अलावा विस्थापितों ने यह भी मांग की, कि कंपनी बहाली प्रक्रिया में विस्थापित परिवारों को प्रशिक्षण देकर UCIL में नियोजित करें। विस्थापितों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
Also Read : पीएम मोदी और जर्मन चांसलर मर्ज ने अहमदाबाद में काइट फेस्टिवल में लिया हिस्सा


