Ranchi : राजधानी रांची में पुलिस ने बड़ी आपराधिक घटना को होने से पहले ही नाकाम कर दिया। सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के गांगानगर करम चौक के पास पुलिस ने छापेमारी कर चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक ऑटोमेटिक पिस्टल, जिंदा गोली और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस को सोमवार रात करीब 8 बजे सूचना मिली थी कि गांगानगर करम चौक के पास कुछ लोग अवैध हथियार और गोली के साथ किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में जुटे हैं। सूचना मिलते ही रांची एसपी नगर के निर्देश पर टीम बनाई गई। सहायक एसपी कोतवाली के नेतृत्व में सुखदेवनगर थाना पुलिस ने इलाके में छापेमारी शुरू कर दी।
पुलिस को देखते ही भागने लगे आरोपी
छापेमारी के दौरान पुलिस ने चार संदिग्ध लोगों को देखा। पुलिस टीम को अपनी ओर आते देख सभी भागने लगे, लेकिन जवानों ने तुरंत घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान सहदेव टिग्गा (35 वर्ष), अंकित खलखो (22 वर्ष), रवि लकड़ा (26 वर्ष), संदीप कुमार उर्फ बब्लू (40 वर्ष) के रूप में हुई। इनमें तीन आरोपी अरगोड़ा थाना क्षेत्र के डुंगरी टोली हस्सू इलाके के रहने वाले हैं, जबकि एक आरोपी सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के गांगानगर रोड नंबर-6 का निवासी है।
USA निर्मित पिस्टल और जिंदा गोली बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से USA निर्मित 9 एमएम का ऑटोमेटिक पिस्टल बरामद किया। इसके मैगजीन में 9 एमएम की दो जिंदा गोलियां भी मिलीं। इसके अलावा दो स्मार्टफोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे। समय रहते कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया, जिससे बड़ी वारदात टल गई। इस मामले में सुखदेवनगर थाना में कांड संख्या 179/26 दर्ज किया गया है। आरोपियों पर आर्म्स एक्ट 1959 की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
Also Read : नौकरी का झांसा देकर ले जाई जा रही थीं लड़कियां, चतरा में दो दलाल गिरफ्तार


