Ranchi : हाल के दिनों में झारखंड में पुलिस पदाधिकारियों पर लगातार दबाव और प्रताड़ना की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने केंद्रीय कार्यालय रांची से जारी बयान में कहा है कि पुलिसकर्मी न्यायसंगत कार्रवाई करने के बावजूद कई प्रकार की परेशानियों और दबावों का सामना कर रहे हैं। एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि कुछ रसूखदार लोग अपने पद और प्रभाव का गलत इस्तेमाल कर पुलिसकर्मियों पर दबाव डाल रहे हैं। उनका कहना है कि ये लोग अपने व्यक्तिगत हित में न्यायालय तक को भ्रमित कर आदेश अपने पक्ष में पारित करवा रहे हैं। पुलिस पदाधिकारियों पर धमकी देना, नियमों के विरुद्ध कार्य करवाना और वर्दी उतरवाने जैसी घटनाएं आम हो गई हैं। झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि किसी भी पुलिसकर्मी के खिलाफ नियमविरोधी कार्रवाई होने पर वे सख्त विरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात कानून और सुरक्षा बनाए रखने के लिए समर्पित हैं, ऐसे में उनका सम्मान बनाए रखना आवश्यक है।
अधिवक्ता पुलिस पर लगातारबना रहे दबाव
हाल के दिनों में डोरंडा थाना और SC/ST थाना में घटित घटनाओं का हवाला देते हुए एसोसिएशन ने कहा कि कुछ अधिवक्ता पुलिस पर लगातार दबाव बना रहे हैं। विशेष रूप से अधिवक्ता श्री मनोज टंडन के द्वारा कार से की गई घटना का उल्लेख करते हुए कहा गया कि पुलिस पदाधिकारियों पर अनुचित दबाव डालने की कोशिश की गई।
एसोसिएशन ने सवाल उठाया कि यदि कोई आम नागरिक इसी प्रकार किसी अधिवक्ता या रसूखदार व्यक्ति को पुलिस अधिकारी की तरह गाड़ी के बोनट पर बैठाकर चलाता, तो क्या आज का माहौल पुलिस पदाधिकारी के लिए वैसा ही रहता? उन्होंने कहा कि माननीय उच्च न्यायालय जैसी प्रतिष्ठित न्यायिक संस्थाओं के सामने भी पुलिस पदाधिकारी पर धमकी देने की घटनाएं हो रही हैं।
झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति होने पर वे चुप नहीं रहेंगे और अपने सदस्यों के सम्मान और सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाएंगे। एसोसिएशन का कहना है कि यह कदम आने वाले समय में एक मिसाल स्थापित करेगा और पुलिसकर्मियों के सम्मान की रक्षा करेगा।
Also Read : रांची वार्ड 31 से नीरज कुमार की शानदार जीत, बोले- जनता से बातचीत कर होगी आगे की प्लानिंग


