Hazaribagh : हजारीबाग में मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और हत्या के बाद अब सियासत तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने नई दिल्ली में प्रेसवार्ता कर 3 अप्रैल को झारखंड बंद का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि इस घटना के खिलाफ पूरे राज्य में विरोध दर्ज कराया जाएगा।
“राज्य में बेटियां सुरक्षित नहीं”
आदित्य साहू ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उनका कहना था कि बेटियां असुरक्षित हैं और अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है। उन्होंने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि यह समाज को झकझोर देने वाली घटना है।
2 अप्रैल को मशाल जुलूस, फिर बंद
भाजपा ने आंदोलन का पूरा प्लान भी साफ कर दिया है। अगर दो दिनों के भीतर अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो 2 अप्रैल को जिला और प्रखंड मुख्यालयों में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। इसके बाद 3 अप्रैल को पूरे झारखंड में बंद कराया जाएगा।
सरकार पर सीधा हमला
साहू ने राज्य सरकार और मंत्रियों पर भी जमकर हमला बोला।उन्होंने कहा कि सरकार की उदासीनता से जनता निराश है और डर के माहौल में जी रही है। साथ ही उन्होंने वित्त मंत्री के बयान पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इस तरह की घटना में सिर्फ मुआवजा देकर जिम्मेदारी से नहीं बचा जा सकता।
हाईकोर्ट के संज्ञान लेने पर जताया आभार
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने इस मामले में हाईकोर्ट द्वारा संज्ञान लिए जाने पर आभार जताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि कोर्ट की निगरानी में पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा।
जमीन पर भी दिखा विरोध, निकला मशाल जुलूस
हजारीबाग के इचाक में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने मशाल जुलूस निकालकर विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने बाजार में प्रदर्शन करते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की। इस दौरान सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे और इलाके में आक्रोश का माहौल देखने को मिला।
Also Read : शराब घोटाले में विनय चौबे को डिफॉल्ट बेल, बाबूलाल मरांडी ने ACB और सरकार पर साधा निशाना

