Palamu : पलामू जिले में SP के निर्देश पर तोलरा–लालगढ़ मार्ग पर 6 दिसंबर 2025 की रात नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। रात करीब 10:40 बजे पुलिस टीम ने तोलरा की ओर से आती सफेद कार पर शक जताया। पुलिस को देखते ही कार चालक ने वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तुरंत पीछा कर गाड़ी को रोक लिया।
कार रुकते ही ड्राइवर के बगल और पीछे बैठे दो लोग अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। वहीं, पुलिस ने ड्राइविंग सीट पर बैठे युवक की तलाशी ली तो उसकी कमर से एक लोडेड देसी पिस्टल बरामद हुई। पिस्टल को अनलोड करने पर 7.62 मिमी के तीन जिंदा कारतूस मिले। हथियार, कारतूस, मोबाइल फोन और वाहन को पुलिस ने मौके पर ही जब्त कर लिया।
घटना के आधार पर विश्रामपुर थाना में कांड संख्या 76/2025 दर्ज की गई। पुलिस ने अवैध हथियार रखने के आरोप में युवक गुंजन मिश्रा (उम्र 27 वर्ष, ग्राम अमवा) को गिरफ्तार कर लिया। उसके दो साथी रोहित मिश्रा उर्फ छोटू मिश्रा (ग्राम अमवा) और गुप्तेश्वर सिंह उर्फ गुप्ता सिंह (ग्राम नौगढ़ा) फरार हैं। दोनों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।
पुलिस टीम ने मौके से एक लोडेड देसी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, दो सैमसंग टचस्क्रीन मोबाइल और KUV कंपनी की सफेद कार बरामद की है। चेकिंग टीम में पुअनि ऋषिकेश कुमार दुबे (थाना प्रभारी), पुअनि अनिल यादव, पुअनि शिवनाथ रंजन, सअनि बिनोद राम, तुराम पुरती, श्रवण विश्वकर्मा, हवलदार अशोक कुमार साहू, आर. संतोष पासवान और आर. प्रवीन तिर्की शामिल थे।


