Jamshedpur : लौहनगरी जमशेदपुर और टाटा समूह के लिए रविवार का दिन बेहद दुखद साबित हुआ। टाटा स्टील यूआईएसएल (Tata Steel UISL) के प्रबंध निदेशक ऋतुराज सिन्हा का अचानक निधन हो गया। जानकारी के अनुसार, वे अपने घर पर थे तभी उन्हें अचानक खून की उल्टी हुई। परिजन तुरंत उन्हें टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की पुष्टि टाटा स्टील प्रबंधन ने की।
कंपनी व यूनियन में शोक की लहर
ऋतुराज सिन्हा के आकस्मिक निधन से टाटा स्टील और पूरे कॉरपोरेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। खबर मिलते ही टाटा स्टील के अधिकारी, टाटा वर्कर्स यूनियन और टाटा स्टील यूटिलिटीज यूनियन के पदाधिकारी टीएमएच और उनके आवास पहुंचने लगे। सभी ने उनके निधन को कंपनी के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
ऋतुराज सिन्हा : संक्षिप्त परिचय
करीब 55 वर्षीय ऋतुराज सिन्हा मिलनसार और मृदुभाषी स्वभाव के लिए जाने जाते थे। कॉरपोरेट जगत में उन्हें एक कर्मठ, निपुण और कुशल प्रशासक माना जाता था। उत्कृष्ट नेतृत्व क्षमता के कारण उन्होंने टाटा स्टील सहित विभिन्न कंपनियों में उच्च पदों पर कार्य किया। टाटा स्टील UISL के नेतृत्व में उन्होंने शहर और आसपास के क्षेत्रों में कई नई नागरिक सुविधाओं की शुरुआत की। उनके मार्गदर्शन में कंपनी लगातार नित नए आयाम स्थापित कर रही थी।
Also Read : गोवा क्लब हादसा : झारखंड के तीन युवकों की गई जान, सीएम ने जताया शोक


