Ranchi : गोवा में बीती देर रात अरपोरा स्थित एक रेस्टोरेंट-कम-क्लब में भीषण आग लगने से कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में झारखंड के तीन युवक भी शामिल हैं, जो गोवा में कुक का काम कर रहे थे। झारखंड के जिन युवकों की मौत हुई, उनमें रांची जिले के लापुंग प्रखंड के फतेहपुर गांव निवासी प्रदीप महतो (24) और उनके भाई विनोद महतो (22) शामिल हैं। तीसरे युवक की पहचान खूंटी जिले के कर्रा प्रखंड के गोविंदपुर गांव निवासी मोहित मंडा (22) के रूप में हुई है। तीनों कुछ महीने पहले ही रोज़गार की तलाश में गोवा गए थे और एक ही रेस्टोरेंट-कम-क्लब में कुक के रूप में काम कर रहे थे।
रिश्तेदार ने बताई दर्दनाक कहानी
मृतकों के रिश्तेदार नारायण माथुर ने मीडिया को बताया कि दो मृतक उनके भतीजे थे। वे रेस्टोरेंट के किचन में काम करते थे। उन्होंने कहा, “आज सुबह हमें हादसे की जानकारी मिली। हमारे एक पड़ोसी की भी इस आग में मौत हो गई। हम सभी झारखंड के रहने वाले हैं।”
#WATCH | Fire at a restaurant in North Goa’s Arpora, claiming 25 lives | Arpora, Goa: Narayan Mathur, relative of two victims, says, “Those were my nephews, sons of my elder brother. So, I have come here for them. Both of them died. They worked in the kitchen of the restaurant. I… pic.twitter.com/ieYc3mjosl
— ANI (@ANI) December 7, 2025
झारखंड सीएम का शोक संदेश
झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने इस घटना पर गहरा दुख जताया और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने सभी दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
गोवा के नाइटक्लब में देर रात भीषण आग से कई लोगों के मरने की खबर अत्यंत दुखदायी है।
मरांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे। दुर्घटना में घायल लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) December 7, 2025
आग लगने की वजह की जांच जारी
हादसा आधी रात के करीब हुआ। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और इमरजेंसी टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है, लेकिन स्थानीय लोगों ने फायर सेफ्टी नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया है।
गोवा सीएम ने दिए जांच के आदेश
गोवा के सीएम ने इस घटना को “गोवा पर्यटन इतिहास का सबसे दर्दनाक हादसा” बताया। उन्होंने कहा कि वे रात 1:30 बजे मौके पर पहुंचे थे और अधिकारियों ने आधे घंटे में आग पर नियंत्रण पा लिया। कुछ लोग क्लब से समय रहते बाहर निकल आए, लेकिन बाकी नहीं बच पाए। सीएम ने बताया कि क्लब मालिकों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया गया है। मैनेजर और अन्य स्टाफ को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने कहा, “जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे जेल भेजा जाएगा। भविष्य में ऐसी घटना न हो, इसके लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।”
Also Read : आय से अधिक संपत्ति मामले में निलंबित IAS विनय चौबे की पत्नी से फिर पूछताछ


