Ranchi : रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए रांची पुलिस ने गुरुवार को शहर के विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर निकाले गए इस मार्च के दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आम लोगों में भरोसा कायम करने की कोशिश की।
शहर के प्रमुख इलाकों में गश्त
फ्लैग मार्च फिरायालाल चौक से शुरू होकर सुजाता चौक, एकरा मस्जिद, कर्बला चौक, पथलकुदवा, चर्च रोड, थड़पखना मस्जिद और लालपुर सहित कई संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। इसके अलावा बाइक दस्ते के साथ लोअर बाजार, हिंदपीढ़ी, डेली मार्केट, चुटिया, डोरंडा, सदर और बरियातू थाना क्षेत्रों में भी गश्त की गई। फ्लैग मार्च में रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर, सिटी एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह और सदर एसडीएम कुमार रजत सहित कई वरीय अधिकारी शामिल रहे। अधिकारियों ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस बल को आवश्यक निर्देश दिए।
ड्रोन से निगरानी, हर गतिविधि पर नजर
इस बार सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए ड्रोन कैमरे की मदद ली गई। जुलूस के संभावित रूट और संवेदनशील क्षेत्रों की बारीकी से निगरानी की गई। साथ ही तैनात पुलिसकर्मियों को हर स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट रहने को कहा गया। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाहों से बचें और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। प्रशासन ने कहा कि सभी के सहयोग से ही पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सकेगा।
Also Read : आईजी सुनील भास्कर के आदेश पर सख्त एक्शन, 20 सरगना समेत 238 बदमाशों का हुआ सत्यापन


