जोहार लाइव ब्यूरो
जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के डागरा पुलिस पिकेट में शनिवार सुबह सैप सूबेदार बुचुन पाल की गोली लगने से मौत हो गई. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, उन्होंने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली. घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.
बताया गया कि बुचुन पाल डागरा पुलिस पिकेट में ड्यूटी पर तैनात थे. इसी दौरान गोली चलने की आवाज सुनाई दी. आवाज सुनकर पिकेट में मौजूद अन्य जवान मौके पर पहुंचे, जहां बुचुन पाल मृत मिले. घटना की सूचना मिलते ही छतरपुर डीएसपी प्रशांत कुमार समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
मौत की वजह अभी साफ नहीं
बुचुन पाल ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वजह सामने आ सकेगी. पिकेट में तैनात अन्य जवानों से भी पूछताछ की जा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. फिलहाल मानसिक तनाव या निजी कारणों की चर्चा है, लेकिन पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. इसलिए घटना के पीछे की वजह को लेकर अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी.

