Giridih : गिरिडीह के पचम्बा थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 किलो गांजा के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार के निर्देश पर की गई। अभियान का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक कौसर अली और पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने किया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में पचम्बा थाना क्षेत्र के अलकापुरी स्थित कृष्णा नगर निवासी शिव शंकर साहू और हरि शंकर राम, जमुआ थाना क्षेत्र के पेटहंडी गांव निवासी महेंद्र यादव तथा चित्रडीह निवासी कमलेश सिंह शामिल हैं।
पहले दो तस्कर पकड़े गए
पुलिस को सूचना मिली थी कि माथडीह गांव में गांजा की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत छापेमारी की। इस दौरान शिव शंकर साहू और हरि शंकर राम को पकड़ा गया। दोनों की तलाशी लेने पर उनके पास से पांच किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आए दो और नाम
गिरफ्तारी के बाद जब दोनों आरोपितों से पूछताछ की गई, तो उन्होंने जमुआ थाना क्षेत्र के पेटहंडी गांव निवासी महेंद्र यादव और चित्रडीह निवासी कमलेश सिंह का नाम बताया। इसके बाद पुलिस ने दोनों के ठिकानों पर भी छापेमारी की। वहां से भी पांच किलो गांजा बरामद किया गया। इस तरह कुल 10 किलो गांजा के साथ चारों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन लोगों तक गांजा की सप्लाई कहां से हो रही थी और इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इस कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
नशे के खिलाफ सख्त रुख
पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए ऐसे तस्करों पर लगातार नजर रखी जा रही है। आने वाले दिनों में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि जिले में नशे के कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
Also Read : 29 साल बाद अलकतरा घोटाले पर फैसला, चार दोषियों को 3-3 साल की सजा


