Patna : मगध महिला कॉलेज की छात्राओं को जल्द ही लाइब्रेरी की सुविधा ऑनलाइन मिल सकेगी। अब छात्राएं घर बैठे सिर्फ एक क्लिक से कॉलेज लाइब्रेरी की किताबें देख सकेंगी। इसके लिए कॉलेज की लाइब्रेरी को ई-ग्रंथालय से जोड़ा जा रहा है।
कॉलेज की वेबसाइट पर ई-ग्रंथालय का लिंक दिया जाएगा। छात्राओं को कॉलेज की ओर से यूजर आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराया जाएगा। लॉगिन करने के बाद छात्राएं अपनी जरूरत की किताब सर्च कर सकेंगी।
अगर किताब लाइब्रेरी में उपलब्ध होगी, तो छात्राएं उसे ऑनलाइन बुक कर सकेंगी और बाद में कॉलेज आकर इशू करवा सकेंगी। अगर किताब पहले से इशू होगी, तो छात्राएं उसके लिए रिक्वेस्ट डाल सकेंगी। किताब रिटर्न होने पर उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी।
ई-ग्रंथालय के जरिए छात्राएं यह भी देख सकेंगी कि कौन-सी किताब उपलब्ध है और कौन-सी इशू है। इस सुविधा के लिए छात्राओं से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।
कॉलेज के प्रिंसिपल प्रो. नागेंद्र वर्मा ने बताया कि लाइब्रेरी में दो लाख से ज्यादा किताबें मौजूद हैं। इन सभी किताबों की जानकारी ई-ग्रंथालय में अपलोड की जाएगी। पिछले साल तकनीकी समस्या के कारण यह सुविधा शुरू नहीं हो पाई थी।
उन्होंने बताया कि फिलहाल सभी किताबों की लिस्टिंग और कैटालॉगिंग का काम किया जा रहा है। फरवरी से ई-ग्रंथालय सेवा शुरू करने की योजना है। इसके बाद छात्राएं आसानी से ऑनलाइन लाइब्रेरी का लाभ उठा सकेंगी।


