Ranchi : राजधानी रांची में अब पाइप से घर-घर गैस पहुंचाने की योजना तेजी से आगे बढ़ रही है। आने वाले दिनों में मोरहाबादी, हेहल, लालपुर, स्मार्ट सिटी, मेसरा समेत छह नए इलाकों में PNG यानी पाइप्ड नेचुरल गैस की सप्लाई शुरू की जाएगी। इससे हजारों परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है। अभी तक कई इलाकों में लोग एलपीजी सिलेंडर पर निर्भर हैं, लेकिन PNG सेवा शुरू होने के बाद लोगों को गैस सिलेंडर की बुकिंग और डिलीवरी के झंझट से काफी हद तक छुटकारा मिल जाएगा।
किन इलाकों में शुरू होगी सुविधा
जानकारी के मुताबिक मोरहाबादी, हेहल, लालपुर, स्मार्ट सिटी और मेसरा के अलावा कुछ अन्य नए क्षेत्रों में भी पाइपलाइन नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। कंपनी की ओर से पाइपलाइन बिछाने और कनेक्शन देने का काम तेजी से चल रहा है। इन इलाकों में रहने वाले लोगों को जल्द घरेलू PNG कनेक्शन मिलने शुरू हो सकते हैं। PNG यानी पाइप्ड नेचुरल गैस सीधे पाइपलाइन के जरिए घरों तक पहुंचाई जाती है। इसमें सिलेंडर खत्म होने या बार-बार बुकिंग कराने की परेशानी नहीं रहती। इसके अलावा इसे एलपीजी की तुलना में ज्यादा सुरक्षित और सुविधाजनक माना जाता है। गैस का बिल भी इस्तेमाल के हिसाब से आता है, जिससे लोगों को खर्च पर नियंत्रण रखने में आसानी होती है।
स्मार्ट सिटी इलाके में तेजी से काम
रांची स्मार्ट सिटी क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए PNG नेटवर्क पर खास फोकस किया जा रहा है। यहां नई पाइपलाइन डालने का काम तेजी से चल रहा है ताकि आने वाले समय में लोगों को बेहतर गैस सुविधा मिल सके। PNG नेटवर्क के विस्तार से राजधानी के हजारों घरों को फायदा मिलने की उम्मीद है। खासकर अपार्टमेंट और नए हाउसिंग प्रोजेक्ट्स में रहने वाले लोगों के लिए यह सुविधा काफी उपयोगी साबित होगी।
Also Read : रांची में तीन इंस्पेक्टरों का तबादला, प्रकाश रजक बने बरियातू थाना प्रभारी


