Johar Live Desk : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज मुख्य सचिवालय स्थित मंत्रिमंडल कक्ष में कैबिनेट की बैठक बुलाई है, जो सुबह 11.30 बजे शुरू होगी। बैठक में राज्य सरकार के विभिन्न विभागों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा और मंजूरी की संभावना है।
इस बैठक पर विशेष रूप से नौकरी, रोजगार और प्रशासनिक सुधार से जुड़े फैसलों को लेकर लोगों की निगाहें लगी हुई हैं। नई सरकार के गठन के बाद यह कैबिनेट की तीसरी बैठक होगी, जिसमें राज्य के सभी मंत्री और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है कि सरकार इस बैठक के जरिए विकास योजनाओं को तेजी देने के साथ-साथ युवाओं के हित में बड़े निर्णय ले सकती है।
पिछली बैठक 9 दिसंबर को हुई थी, जिसमें सरकार ने 19 प्रस्तावों को मंजूरी दी थी। इसमें पहले से कार्यरत 45 विभागों के साथ-साथ तीन नए विभागों के गठन को भी स्वीकृति दी गई थी। नए विभागों में विशेष रूप से युवाओं को नौकरी और रोजगार देने तथा कौशल विकास पर ध्यान दिया जाएगा। अब बिहार में विभागों की कुल संख्या 48 हो गई है। युवा, रोजगार और कौशल विभाग को पहले श्रम संसाधन विभाग से जोड़ा गया था, लेकिन अब इसे पूरी तरह से स्वतंत्र विभाग बनाया जाएगा।
इसके अलावा उच्च शिक्षा विभाग के माध्यम से रिसर्च और प्रोफेशनल कोर्सेज बढ़ाए जाएंगे। सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए 5% महंगाई भत्ता बढ़ाया गया है। राज्य सरकार ने राज्य के युवाओं को हुनरमंद बनाने के लिए विद्यार्थी कौशल प्रोग्राम भी शुरू किया है, जिसे नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड की मदद से चलाया जाएगा।
बैठक में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शहीद हुए BSF जवान मोहम्मद इम्तियाज के बेटे को नौकरी देने का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया, जबकि सुधीर कुमार, तात्कालिक जिला प्रबंधक खाद निगम रोहतास को सेवा से बर्खास्त करने की मंजूरी भी दी गई।
Also Read : सरायकेला-खरसावां में 27 केंद्रों पर धान खरीद शुरू, पहले दिन 343 क्विंटल से अधिक की खरीद


