Patna : जिला प्रशासन ने दानापुर–बिहटा एलिवेटेड रोड के निर्माण को लेकर वाहन यातायात में नया नियम लागू किया है। अब शिवाला चौक से कन्हौली बाजार तक 13 किलोमीटर लंबे मार्ग पर दिन के समय वाहनों की आवाजाही अनुमति होगी, जबकि रात के समय सड़क पूरी तरह निर्माण कार्य के लिए बंद रहेगी।
दानापुर अनुमंडल पदाधिकारी दिव्या शक्ति के आदेश के अनुसार, बिहटा–खगौल मुख्य मार्ग पर सुबह 7:30 बजे से शाम 7:30 बजे तक वाहन चल सकेंगे। इसके बाद रात 7:30 बजे से अगले दिन सुबह 7:30 बजे तक मार्ग बंद रहेगा। प्रशासन का कहना है कि यह फैसला निर्माण कार्य की गति बनाए रखने और आम लोगों तथा व्यापारियों की सुविधा के लिए लिया गया है।
मार्ग पर कई स्कूल और कॉलेज होने के कारण छात्रों और अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दिन में यातायात की अनुमति दी गई है। यदि भविष्य में शैक्षणिक संस्थानों के समय में बदलाव होता है, तो यातायात समय-सारिणी में भी संशोधन किया जाएगा।
रात के समय पटना और भोजपुर के बीच आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग तैयार किए गए हैं। इसके अलावा छोटे वाहनों के लिए भी अलग रूट चिन्हित किए गए हैं, ताकि किसी तरह की असुविधा न हो।
पहले सड़क पूरी तरह बंद रहने से कन्हौली बाजार और आसपास के व्यापारिक इलाकों में कारोबार प्रभावित हो रहा था। दुकानों, फैक्ट्रियों और पेट्रोल पंपों को नुकसान पहुंचा और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। व्यापारियों के दबाव और जनसमस्याओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने दिन में आंशिक आवाजाही की अनुमति दी है।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे निर्धारित समय और वैकल्पिक मार्गों का पालन करें। किसी भी विशेष परिस्थिति में यातायात नियमों में अस्थायी बदलाव किया जा सकता है।


