Jamtara : जामताड़ा में निकाय चुनाव के बाद अब नई नगर सरकार ने कामकाज संभाल लिया है। शपथ ग्रहण समारोह में दोनों शहरों का माहौल उत्साह से भरा नजर आया। उपायुक्त रवि आनंद ने जामताड़ा नगर पंचायत की नवनिर्वाचित अध्यक्ष आशा गुप्ता और 16 वार्ड पार्षदों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। वहीं मिहिजाम नगर परिषद की अध्यक्ष जय श्री देवी और 20 वार्ड पार्षदों ने भी शपथ लेकर अपनी जिम्मेदारी संभाली। समारोह में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
जामताड़ा में ज्योत्स्ना बाउरी निर्विरोध उपाध्यक्ष
शपथ ग्रहण के बाद जामताड़ा नगर पंचायत में उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव कराया गया। यहां वार्ड संख्या 2 की ज्योत्स्ना बाउरी निर्विरोध उपाध्यक्ष चुनी गईं। उनके निर्विरोध चयन से समर्थकों में खुशी का माहौल रहा।
मिहिजाम में कड़ा मुकाबला, जुगनू राय बने उपाध्यक्ष
मिहिजाम नगर परिषद में उपाध्यक्ष पद के लिए मुकाबला दिलचस्प रहा। यहां चार उम्मीदवार मैदान में थे। वोटिंग के बाद वार्ड संख्या 8 के महावीर राय उर्फ जुगनू राय को सबसे ज्यादा 8 मत मिले और वे विजयी घोषित हुए।

अन्य उम्मीदवारों को मिले वोट इस प्रकार रहे:
- झिमली मजूमदार : 5 मत
- रवि कुमार मिस्त्री : 2 मत
- मुमताज बानो : 5 मत
चुनाव के बाद उपाध्यक्ष को भी पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
विकास और बुनियादी सुविधाओं पर रहेगा फोकस
शपथ लेने के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्षों और उपाध्यक्षों ने साफ कहा कि उनका ध्यान शहर के विकास पर रहेगा। खासकर साफ-सफाई, पेयजल और बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात कही गई। पार्षदों ने भी अपने-अपने वार्ड में तेजी से काम करने का भरोसा दिलाया।
अब शुरू होगा असली काम
नई टीम के गठन के साथ ही दोनों नगर निकायों में प्रशासनिक कामकाज की औपचारिक शुरुआत हो गई है। लोगों को उम्मीद है कि अब शहर में विकास कार्यों को रफ्तार मिलेगी और रोजमर्रा की समस्याओं का समाधान जल्द होगा।
Also Read : लातेहार पुलिस की बड़ी कामयाबी, जंगल में छिपा राइफल और गोलियां का जखीरा बरामद

