रांची: परिसीमन को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के भीतर से अलग-अलग बयान सामने आ रहे हैं. पार्टी के सांसद नलिन सोरेन ने कहा है कि अगर परिसीमन में आदिवासियों के लिए आरक्षित सीटों की संख्या बढ़ती है, तो JMM इसका समर्थन करेगा. उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब केंद्र सरकार ने परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर नया प्रस्ताव तैयार किया है.
इससे पहले 26 नवंबर को JMM की राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने परिसीमन की प्रक्रिया और केंद्र सरकार की मंशा पर सवाल उठाए थे. उन्होंने संसद में संख्या बल, राजनीतिक खरीद-फरोख्त और दलों में तोड़फोड़ की आशंका जताई थी. ऐसे में नलिन सोरेन का बयान पार्टी के रुख को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
महुआ माजी ने जताई थी खरीद-फरोख्त की आशंका
26 नवंबर को महुआ माजी ने कहा था कि भाजपा के पास संसद में पर्याप्त संख्या बल नहीं है. ऐसे में विशेष सत्र बुलाकर विधेयक कैसे पारित कराया जाएगा. उन्होंने आशंका जताई थी कि क्या इसके लिए फिर से खरीद-फरोख्त और राजनीतिक तोड़फोड़ की कोशिश होगी.
उन्होंने पूर्व के राजनीतिक घटनाक्रमों का जिक्र करते हुए कहा था कि पहले भी पार्टियों को तोड़कर सांसदों को अपने पक्ष में लाने की घटनाएं हुई हैं. उन्होंने सवाल उठाया था कि क्या इस बार भी तोड़फोड़ का हिसाब-किताब पहले से कर लिया गया है. उन्होंने कहा था कि अगर इस तरह की गतिविधियां होती हैं, तो देश में लोकतंत्र कैसे बचेगा.
महुआ माजी ने यह भी कहा था कि पहले भी महिला आरक्षण को सामने रखकर परिसीमन के मुद्दे पर विपक्ष को बदनाम करने का प्रयास किया गया था, लेकिन उस समय सरकार ऐसा नहीं कर पाई थी.
दरअसल, केंद्र सरकार ने बीते 27 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 को मंजूरी दी है. इसके साथ परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 को भी आगे बढ़ाने का फैसला किया गया है.
नए प्रस्ताव के तहत लोकसभा और सभी राज्यों की विधानसभा सीटों में मौजूदा संख्या के मुकाबले 50 फीसदी बढ़ोतरी का प्रावधान है. इसके बाद लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 और राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 650 करने का प्रस्ताव है.
प्रस्ताव के अनुसार, लोकसभा में अलग-अलग राज्यों की सीटों का मौजूदा अनुपात 2051 के बाद होने वाली पहली जनगणना के आंकड़े प्रकाशित होने तक बरकरार रखा जाएगा. वहीं, निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं के पुनर्निर्धारण के लिए 2011 की जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल किए जाने का प्रस्ताव है. इसके लिए परिसीमन आयोग का गठन किया जाएगा.
इस पूरी कवायद को संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू करने से जोड़ा गया है. सरकार का लक्ष्य 2029 के लोकसभा चुनाव से महिला आरक्षण लागू करना है. संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होना प्रस्तावित है.
No comments yet. Be the first to comment!