गढ़वा जिले के खरौंधी थाना क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो वाहन से पुलिस ने 850 बोतल अवैध विदेशी शराब बरामद की है. वाहन की तलाशी के दौरान अलग-अलग रजिस्ट्रेशन नंबरों के चार नंबर प्लेट और NTPC अंकित एक बोर्ड भी मिला है. बरामद शराब की अनुमानित कीमत 1,10,500 रुपये बताई गई है.
विगत रात खरौंधी थाना क्षेत्र के अरंगी गांव में एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. शनिवार को पुलिस ने उक्त वाहन की तलाशी ली, तो उसमें भारी मात्रा में विदेशी शराब मिली. इसके बाद पुलिस ने शराब तस्करी के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की.
यूपी में बिक्री के लिए अंकित शराब की 850 बोतलें बरामद
पुलिस ने सफेद रंग की महिंद्रा बोलेरो (रजिस्ट्रेशन नंबर UP 60AP 8094) जब्त की है. वाहन से दो अलग-अलग रजिस्ट्रेशन नंबर BR 06PD 2928 और BR 09J 9851 के कुल चार नंबर प्लेट तथा NTPC अंकित एक बोर्ड भी बरामद हुआ है.
इसके अलावा Officer’s Choice Original Whisky की 180 ML की कुल 850 बोतलें बरामद की गईं. बोतलों पर ‘Scotch Malts & Finest Indian Whisky for Sale Uttar Pradesh’ अंकित है. प्रति बोतल 130 रुपये के MRP के अनुसार शराब की कुल अनुमानित कीमत 1,10,500 रुपये बताई गई है.
चालक, मालिक और तस्करी नेटवर्क की तलाश
इस मामले में खरौंधी थाना कांड संख्या 84/2026, दिनांक 28 नवंबर 2026 दर्ज किया गया है. प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 281, 272, 274, 275 एवं 3(5), मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 और उत्पाद अधिनियम की धारा 47(a) के तहत दर्ज की गई है.
पुलिस वाहन के चालक, मालिक और अन्य अज्ञात तस्करों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच कर रही है. साथ ही शराब की तस्करी में शामिल लोगों की पहचान और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए अग्रतर अनुसंधान जारी है.
No comments yet. Be the first to comment!